विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली से बिहार के मधुबनी तक पीछा, फिर भी हाथ नहीं आया इनामी चोर, चलती ट्रेन में करता है चोरी

Published: Tue, 16 Jun 2026 06:37 PM (IST)

दिल्ली रेल पुलिस 20 हजार के इनामी ट्रेन चोर मोहम्मद सैफ अली को पकड़ने मधुबनी पहुंची। आरोपी घर पर नहीं ...और पढ़ें

मधुबनी जिले में नगर थाना पर बैठे दिल्ली रेल पुलिस पदाधिकारी।  जागरण

मधुबनी जिले में नगर थाना पर बैठे दिल्ली रेल पुलिस पदाधिकारी। जागरण 

HighLights

  1. दिल्ली रेल पुलिस 20 हजार के इनामी चोर को पकड़ने मधुबनी पहुंची।

  2. आरोपी मोहम्मद सैफ अली के घर पर कोर्ट का नोटिस चिपकाया गया।

  3. परिजनों को आरोपी को दिल्ली न्यायालय में पेश करने का निर्देश।

जागरण संवाददाता, मधुबनी । चलती ट्रेन में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली रेल पुलिस मधुबनी पहुंची।

दिल्ली रेल पुलिस की टीम ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से शहर के कोतवाली चौक स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका।

इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर न्यायालय का नोटिस चिपकाते हुए परिजनों को आरोपी को शीघ्र दिल्ली न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली रेल पुलिस की टीम का नेतृत्व एसआई बनवारी लाल कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी मोहम्मद सैफ अली, पिता मोहम्मद फूल हसन, मधुबनी शहर के कोतवाली चौक क्षेत्र का निवासी है। उसके विरुद्ध दिल्ली में चलती ट्रेन में चोरी का मामला दर्ज है और वह लंबे समय से फरार चल रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने बीते 21 अप्रैल को चलती ट्रेन में चोरी की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से लगातार फरार रहने के कारण उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।

गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली रेल पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने पैतृक घर मधुबनी में छिपा हो सकता है।

इसी सूचना के आधार पर दिल्ली रेल पुलिस की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसके घर पहुंची और छापेमारी की। हालांकि, आरोपी वहां मौजूद नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत उसके घर पर नोटिस चस्पा कर परिजनों को आवश्यक निर्देश दिए।

दिल्ली पुलिस के एसआई बनवारी लाल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उसके संबंध में विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने पर आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दिल्ली रेल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।