मधुबनी में 5.27 किमी लंबे बाईपास निर्माण में आएगी तेजी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
Nh 527a Construction Work: मधुबनी में 5.27 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण को गति देने के लिए जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ...और पढ़ें

एनएचएआई के प्रतिनिधियों ने डीएम को परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Bypass Project: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए 5.27 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण पर जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है।
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने एनएच 527ए के तहत निर्माणाधीन बाईपास स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
इस दौरान एनएचएआई के प्रतिनिधियों ने डीएम को परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
निर्माण में लाएं तेजी
डीएम ने कार्यकारी एजेंसी और संवेदक को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप निर्माण कार्य में तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और मानकों का पूर्ण पालन हो। इसके साथ ही डीएम ने भूमि अधिग्रहण समेत निर्माण कार्य में आ रही स्थानीय समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की।
भूमि अधिग्रहण का आदेश
जिला भू अर्जन पदाधिकारी को भूमि अधिग्रहण के सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया ताकि निर्माण में कोई बाधा न आए।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान निकालने को कहा। यह महत्वपूर्ण परियोजना भारतमाला परियोजना के अंतर्गत उमगांव सहरसा पैकेज 1 (संयुक्त) सेक्शन 3 का हिस्सा है।
ट्रैफिक से मिलेगी राहत
संवेदक को निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। डीएम ने कहा कि इस बाईपास के तैयार होने से मधुबनी शहर में जाम की समस्या दूर होगी और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिला भू अर्जन पदाधिकारी फहीमुद्दीन अंसारी, एनएचएआई पीआईयू अभियंता अभिलेख राज और प्रोजेक्ट इन चार्ज प्रवीन तिवारी उपस्थित रहे।
