विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में एनएच-27 पर तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, तीन यात्री गंभीर रूप से घायल

By Brijmohan mishraEdited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 05 Oct 2026 04:18 PM (IST)

मधुबनी के पंडौल में NH-27 पर तेज रफ्तार से जा रही एक यात्री बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें ...और पढ़ें

मधुबनी के पंडौल में एक यात्री बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

मधुबनी के पंडौल में एक यात्री बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

HighLights

  1. मधुबनी में NH-27 पर तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराकर पलटी।

  2. हादसे में तीन यात्री गंभीर रूप से घायल, कई अन्य को चोटें आईं।

  3. चालक पर नशे में बस चलाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, पंडौल (मधुबनी)। एनएच-27 पर सोमवार को पटना जा रही यात्री बस अचानक बेकाबू हो गई। डिवाइडर से टकराते ही बस दूसरे लेन में पलट गई। हादसे के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई।

आसपास के लोगों ने दौड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में कई यात्री घायल हुए हैं, जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का सकरी स्थित रामशिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

तेज रफ्तार ने बिगाड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार जय माता दी 2/2 एसी बस (बीआर 31 पीए 5551) जटही से मधुबनी-सकरी होते हुए पटना जा रही थी। यात्रियों का कहना है कि मधुबनी से ही चालक बस काफी तेज गति से चला रहा था। मोहनबढ़ियाम स्थित बालू गद्दी के समीप अचानक बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने नियंत्रण पाने का प्रयास किया, लेकिन बस डिवाइडर से टकराकर दूसरे लेन में पलट गई।

पलभर में मच गई चीख-पुकार

बस पलटते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए सकरी स्थित रामशिला अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन यात्रियों की हालत गंभीर

हादसे में पटना निवासी 50 वर्षीय मो. आरिफ, राजनगर थाना क्षेत्र के चकदह निवासी 34 वर्षीय राजीव कुमार और दरभंगा जिले के साहू निवासी 22 वर्षीय मो. अरमान खान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का इलाज चल रहा है। कई अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।

नशे में बस चलाने का आरोप

कुछ यात्रियों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

बस जब्त, जांच शुरू

पुलिस निरीक्षक सह सकरी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया गया है। चालक और खलासी की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ यात्रियों के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।