विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी में पत्नी को भगाया तो पति ने कर लिया शाखा प्रबंधक का अपहरण, अब मामले में आया नया ट्विस्ट

Published: Wed, 14 Oct 2026 06:21 PM (IST)

बेनीपट्टी में शाखा प्रबंधक राहुल रंजन के अपहरण कांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है, जिसमें प्रेम-प्रसंग का विवाद ...और पढ़ें

मधुबनी में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

मधुबनी में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

HighLights

  1. शाखा प्रबंधक राहुल रंजन का अपहरण प्रेम-प्रसंग के कारण हुआ।

  2. पुलिस ने मोतिहारी से अपहृत प्रबंधक को सकुशल बरामद किया।

  3. पांच आरोपित गिरफ्तार, अपहरण में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त।

संवाद सहयोगी, बेनीपट्टी (मधुबनी)। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बेहटा स्थित क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड की शाखा के प्रबंधक राहुल रंजन के अपहरण कांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।

पुलिस ने मोतिहारी जिले के ढाका में छापेमारी कर अपहृत शाखा प्रबंधक को बरामद कर लिया। इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त की है।

प्रेम-प्रसंग में अपहरण का आरोप

एसडीपीओ अमित कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और एसडीपीओ के नेतृत्व में बेनीपट्टी थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक को बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, अपहरण का कारण प्रेम-प्रसंग से जुड़ा विवाद था। आरोप है कि शाखा प्रबंधक राहुल रंजन, अशोक कुमार की पत्नी शबनम कुमारी को अपने साथ ले आए थे। इसी बात से नाराज होकर अशोक कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल रंजन का अपहरण कर लिया।

ढाका से बरामद किए गए प्रबंधक

एसडीपीओ के अनुसार, 13 अक्टूबर की शाम बेहटा स्थित शाखा से राहुल रंजन को चार-पांच लोग सफेद रंग की स्कॉर्पियो में बैठाकर ले गए थे। इसकी सूचना शाखा के सहायक प्रबंधक ने राहुल रंजन के भाई राजीव रंजन को दी।

जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि राहुल रंजन शबनम कुमारी को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने अपहरण की घटना को प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद से जोड़कर जांच की और मोतिहारी जिले के ढाका में छापेमारी कर उन्हें बरामद कर लिया।

पांच आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में अशोक कुमार, पवन कुमार, राजा कुमार, स्कॉर्पियो चालक मो. फिरोज और विशाल कुमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में अशोक कुमार समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर गांव का निवासी बताया गया है।

पवन कुमार मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव, राजा कुमार बंगरा गांव और विशाल कुमार वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर के निवासी हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।

भाई ने दर्ज कराई प्राथमिकी

इस मामले में राहुल रंजन के भाई राजीव रंजन ने बेनीपट्टी थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके भाई के साथ मारपीट की गई और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया। आवेदन के आधार पर अशोक कुमार सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस टीम ने की छापेमारी

कार्रवाई में बेनीपट्टी के थानाध्यक्ष अनूप कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह और अशोक कुमार सहित तकनीकी सेल के पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने मोतिहारी जिले के ढाका में छापेमारी कर शाखा प्रबंधक को सकुशल बरामद किया।