विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी के बासोपट्टी में आंगनबाड़ी केंद्र पर 4 साल के बच्चे की पिटाई, आंत फटी, किडनी में चोट

Published: Mon, 31 Aug 2026 12:01 PM (GMT+05:30)

मधुबनी के बासोपट्टी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 4 साल के बच्चे अंतेश ठाकुर को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी ...और पढ़ें

HighLights

  1. बासोपट्टी आंगनबाड़ी में 4 साल के बच्चे की पिटाई।

  2. पिटाई से आंत फटी, किडनी में गंभीर चोट आई।

  3. सेविका और पति पर आरोप, पुलिस जांच जारी।

संवाद सहयोगी, बासोपट्टी (मधुबनी)। Basopatti Anganwadi Assault: जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के मनमोहन गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-49 में चार साल के मासूम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

आंगनबाड़ी सेविका और उसके पति पर बच्चे को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। पिटाई से बच्चे की आंत फटने और किडनी में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है।

दिल्ली एम्स में इलाज

पीड़ित बच्चे की पहचान अंतेश कुमार ठाकुर (4) के रूप में हुई है। उसका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है। बच्चे की दादी रामसखी देवी ने बासोपट्टी थाने में सेविका मंजू कुमारी और उसके पति राम पलट दास के विरुद्ध लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

पहले भी मारपीट का आरोप

रामसखी देवी ने आवेदन में बताया है कि उनका पोता अंतेश आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-49 पर पढ़ता है। करीब एक महीने पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। 22 अगस्त की सुबह करीब साढ़े सात बजे बच्चा आंगनबाड़ी केंद्र गया था।

बेहोशी की हालत में फेंका

दादी के अनुसार, पौने नौ बजे गांव में हंगामा होने की सूचना मिली। आरोप है कि सेविका और उसके पति ने बच्चे की पिटाई कर उसे बेहोशी की हालत में घर के पास फेंक दिया और फरार हो गए। परिजन मौके पर पहुंचे तो बच्चे की हालत गंभीर थी।

कई अस्पतालों में इलाज

परिजन बच्चे को पहले गायत्री अस्पताल बासोपट्टी ले गए। वहां से उसे सदर अस्पताल मधुबनी और फिर पीएमसीएच/एम्स पटना रेफर किया गया। परिजनों का दावा है कि चिकित्सकों ने मारपीट के कारण बच्चे की आंत फटने और किडनी में चोट के कारण सूजन होने की जानकारी दी है।

जान से मारने का आरोप

रामसखी देवी ने आरोप लगाया है कि सेविका और उसके पति ने जान से मारने की नीयत से बच्चे की पिटाई की। मामले में उन्होंने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी

बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है।

प्रमुख घटनाएं:

4 अप्रैल 2026 - मधेपुर के लक्ष्मीपुर चौक स्थित प्राइवेट स्कूल हॉस्टल में 12 वर्षीय छात्र विकेश कुमार महतो (सुंदरी गांव, भेजा थाना) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। बाद में खुलासा हुआ कि संचालक ने उसे कमरे में बंद कर दिया था। जिससे परेशान होकर बच्चे से फंदे से लटकर खुदकुशी कर ली थी।

दिसंबर 2025 - झंझारपुर अनुमंडल के एक सरकारी स्कूल में- 9वीं की दो छात्राओं आशा कुमारी और कल्पना कुमारी को शिक्षक ने कबड्डी खेलने पर पीटा। छात्रा आशा बेहोश हो गई, कलाई और पीठ पर छड़ी के निशान थे। अनुमंडल अस्पताल में इलाज। बाद में ग्रामीणों ने शिक्षक की भी पिटाई कर दी।

17 जनवरी 2026 - खजौली थाना, इनरवा पंचायत, बेलाकोठी प्राथमिक विद्यालय
शिक्षक मो. असगर अली पर 5वीं की छात्रा से छेड़खानी और विरोध करने पर पिटाई की धमकी का आरोप।आक्रोशित महिलाओं ने स्कूल में घुसकर शिक्षक को चप्पलों से पीटा, कमरे में बंद किया। शिक्षक खिड़की से कूदकर भागा था। इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी।