मामलों के निष्पादन में लोक अदालत सबसे बेहतर : एडीजे
मधुबनी। स्थानीय व्यवहार न्यायालय में एडीजे सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष त्रिलोकी दुबे की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
मधुबनी। स्थानीय व्यवहार न्यायालय में एडीजे सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष त्रिलोकी दुबे की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसका एडीजे त्रिलोकी दुबे, एसडीजेएम राकेश कुमार यादव एवं मुंसिफ अजय शंकर प्रसाद द्वारा संयुक्त रूप से उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर एडीजे ने कहा कि लोक अदालत से बढ़कर कोई अदालत नहीं है। इसमें दोनों पक्षों के आपसी रजामंदी से ही मामलों को समाप्त किया जाता है। इसमें फैसले के बाद अपील नहीं होता। ना किसी की जीत होती है और ना हार। साथ ही आए दिन अदालतों पर मामलों के बोझ को भी कम करने में सहूलियत मिलती है। लोगों को खासकर प्रबुद्ध नागरिकों को चाहिए कि इस लोक अदालत के प्रति लोगों को जागरूक करने में अपना सहयोग दें। इससे अधिक से अधिक लोगों को इस लोक अदालत से मामलों के निष्पादन का लाभ मिल सके। इस लोक अदालत में कुल 279 मामलों का निष्पादन कर तकरीबन डेढ़ करोड़ की समझौता राशि पर 5554708 रुपये की राशि जमा कराई गई। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष त्रिलोकी दुबे की अध्यक्षता में आयोजित इस लोक अदालत में प्रथम बेंच का नेतृत्व वे स्वयं कर रहे थे। इस बेंच में आपराधिक मामलों के साथ ही बिजली, वन विभाग आदि मामलों का निपटारा किया गया। जबकि दूसरे बेंच का नेतृत्व एसडीजेएम सह अनुमंडल विधिक सेवा समिति के सचिव राकेश कुमार यादव द्वारा किया गया। इस बेंच में एसबीआइ, इलाहाबाद, बीओआई आदि बैंकों के मामलों का निपटारा किया गया। उसी प्रकार तीसरा बेंच का नेतृत्व मुंसिफ अजय शंकर प्रसाद द्वारा किया गया था। इसके अंतर्गत एनआई एक्ट-138, पीएनबी, आरसीसी, एलडीबी, यूबीआइ, यूबीजीबी आदि बैंकों के मामलों का निष्पादन किया गया। मामलों के निष्पादन में शामिल अधिवक्ता रितु कुमारी, सुमन कुमार झा, देवकांत प्रसाद के अलावा कर्मियों में राजीव कुमार गुप्ता, चंदन मुर्मु, आदित्य बर्मन, चौधरी मोची, जीतेंद्र कुमार, रौशन कुमार सिंह, दीपक कुमार आदि सहयोग कर रहे थे। जबकि अधिकारियों में विश्वनाथ झा, मुकेश झा,पंकज कुमार, संजीव कुमार, दिनेश पासवान,सुधीर कुमार, आरके तिवारी, तिलकनाथ झा, केके सिंह, देवेश, संजीव प्रसाद, आलोक कुमार, तसनीम, सुकेश झा, सत्यबीर सुमन, संजय कुमार सिंह आदि के अलावा बिजली एसडीओ संजीत कुमार कापड़, टेलीफोन एसडीओ प्रियशील राय आदि थे। अनुमंडल विधिक सेवा समिति के संतोष कुमार निशांत ने मामलों के निष्पादन की जानकारी दी।