देर रात घरों में गूंज उठा 'जय कन्हैया लाल की मदन गोपाल की'
मधुबनी। कोरोना काल में सार्वजनिक स्थलों के बजाय घरों में देर रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाई गई।
मधुबनी। कोरोना काल में सार्वजनिक स्थलों के बजाय घरों में देर रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाई गई। काफी हर्षोल्लास के बीच घरों में स्थापित बाल गोपाल की पालकी सजाए गए। धूप-दीप के सुगंधित वातावरण में फूल मालाओं से सजे पालकी में बाल गोपाल को बिठाया गया।श्रद्धालुओं के घर रात बारह बजते ही जय कन्हैया लाल की मदन गोपाल की के उद्घोष गूंजने लगे। श्रद्धालुओं के घर माखन-मिश्री, मेवा और तरह-तरह के व्यंजनों का बाल गोपाल को भोग लगाया गया। भोग लगाने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं के घरों में भजन की धारा चलती रही। अनेकों घरों में शाम से शुरू भजन-कीर्तन सुबह तक जारी रहा। ढोलक-मृदंग के बीच भगवान के जयकारे लगने से घरों का माहौल भक्तिमय बना रहा। पहली बार घर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाने हैं वाली एक व्रती लक्ष्मी त्रिपाठी ने बताया कि इस बार घर में बाल गोपाल का जन्मोत्सव मनाने का सुखद अनुभव रहा है। अब अगले वर्ष से भी घर में भगवान का जन्मोत्सव मनाएंगे। वहीं व्रती प्रेरणा युक्ति ने बताया कि घर में कृष्ण जन्मोत्सव से घर का माहौल आनंद में बना रहा। बाल गोपाल को तरह-तरह के व्यंजन का भोग लगाए गए। श्रद्धालुओं के घरों में भगवान श्री कृष्ण और राधा की प्रतिमा व तस्वीरों वाले पूजा घर को रंग-बिरंगे झालर से सजाया गया था। इधर, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर के गंगासागर चौक स्थित द केक एन बेक प्रतिष्ठान में मटका केक की भारी मांग बनी रही। संचालक सुमित कुमार ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर खास मटका केक बनाए गए।