जय श्री राम के जयकारे के साथ लंका दहन
मधुबनी। मधवापुर प्रखंड के लालू नगर साहरघाट में महावीरी झंडा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय महावीरी झंडोत्सव के अंतिम दिन लंका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मधुबनी। मधवापुर प्रखंड के लालू नगर साहरघाट में महावीरी झंडा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय महावीरी झंडोत्सव के अंतिम दिन लंका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन भाजपा जिला महामंत्री सह झंडा समिति के अध्यक्ष अजय भगत, मुखिया रामनरेश प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि बेचन सहनी, समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मुखिया रामनरेश प्रसाद भी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री अजय भगत ने कहा कि श्री श्री 108 महावीरी झंडा पूजा समिति मुखियापट्टी के द्वारा पिछले 2006 से साहरघाट में महावीरी झंडा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें लंका दहन कार्यक्रम बुराई पर अच्छाई की जीत को लेकर आयोजन किया जाता है। इससे पहले उतर प्रदेश अयोध्या के कुशल कलाकारों के द्वारा लंका कांड की रामलीला की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। उसे देखने हजारों की संख्या में महिला-पुरुष पहुंचे थे। राम, सीता, हनुमान और रावण आदि की भूमिका निभा रहे रामलीला कलाकारों की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया। हजारों की भीड़ ताली बजा कर आनंदित हो रहे थे। कार्यक्रम के दौरान रामलीला के कलाकारों ने रामकथा के लंकाकांड का सफल मंचन कर हनुमान जी के द्वारा झंडा मेला परिसर में बने लंका का दहन किया। लंका धू-धू कर जलने लगा। हजारों की भीड़ जय श्री राम का जयकारा लगाते हुए कार्यक्रम का आनंद उठा रहे थे। इस कार्यक्रम के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए साहरघाट थानाध्यक्ष सुरेन्द्र पासवान के नेतृत्व में भारी मात्रा में पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया था। मौके पर समिति के अध्यक्ष अजय भगत, मुखिया रामनरेश प्रसाद, सचिव कृष्ण सहनी, शिवजी सहनी, बेचन सहनी, बिल्टू सहनी, अमरजीत सहनी, हिरावन सहनी, राकेश सहनी, बबलू सहनी, धनिकलाल सहनी, राजकुमार सहनी, मुकेश सहनी समेत बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।