विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Nepal India Train Route : जयनगर बनेगा जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा का केंद्र, जल्द तय होगी परिचालन की रूपरेखा

Published: Sat, 22 Aug 2026 11:30 PM (GMT+05:30)

जनकपुर से अयोध्या जाने वाले नेपाली यात्रियों के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि दोनों धार्मिक शहरों को ट्रेन से जोड़ने ...और पढ़ें

Jaynagar Railway Station : बिहार में मधुबनी जिले का जयनगर स्टेशन।

Jaynagar Railway Station : बिहार में मधुबनी जिले का जयनगर स्टेशन।

HighLights

  1. जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा के लिए जयनगर में बैठक।

  2. सुरक्षा, टिकट, स्टाफ तैनाती पर होगा अहम निर्णय।

  3. जयनगर स्टेशन बनेगा महत्वपूर्ण रेल परिचालन केंद्र।

संवाद सहयोगी, जयनगर (मधुबनी)। Nepal India Train Service :जनकपुर से अयोध्या जाने की योजना बना रहे नेपाली यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दोनों धार्मिक शहरों को ट्रेन से जोड़ने की कवायद अब तेजी पकड़ने लगी है।

26 अगस्त को जयनगर में उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसमें ट्रेन परिचालन की सुरक्षा से लेकर टिकट और कर्मचारियों की तैनाती तक कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।

डीआरएम की मौजूदगी में मंथन

पूर्व मध्य रेल, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा 26 अगस्त को जयनगर पहुंचेंगे। उनके नेतृत्व में होने वाली बैठक में नेपाल के उच्च अधिकारी, नेपाल रेलवे के प्रतिनिधि, आरपीएफ एसएसपी-कमांडेंट, जीआरपी एसएसपी, स्थानीय प्रशासन और रेल प्रशासन के अधिकारी शामिल होंगे।

सुरक्षा पर सबसे ज्यादा जोर

जनकपुर-अयोध्या ट्रेन के संभावित परिचालन में सुरक्षा व्यवस्था अहम मुद्दा होगी। नेपाल में ट्रेन और यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किस एजेंसी की होगी, इस पर भी चर्चा की जाएगी। जयनगर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और सीमा क्षेत्र में निगरानी को लेकर भी अधिकारियों के बीच मंथन होगा।

टिकट से फेरा तक तय होगा

बैठक में ट्रेन के टिकट की व्यवस्था, फेरा, परिचालन संबंधी प्रक्रिया और दोनों देशों के कर्मियों की तैनाती पर चर्चा होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सीमा पर कागजी प्रक्रिया को सरल बनाने के उपायों पर भी विचार किया जा सकता है।

कस्टम जांच की भी बनेगी व्यवस्था

जयनगर स्टेशन पर कस्टम चेक प्वाइंट, यात्रियों और उनके सामान की जांच तथा आवश्यक कागजी प्रक्रिया को लेकर भी व्यवस्था तय की जाएगी। इसका उद्देश्य धार्मिक यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचाना होगा।

निरीक्षण के बाद बढ़ी गतिविधि

हाल ही में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने जयनगर स्थित नेपाली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। इसके बाद आरपीएफ डीआइजी और राजकीय रेल पुलिस के एसएसपी ने भी जयनगर व नेपाल सीमा क्षेत्र का जायजा लिया। सुरक्षा एजेंसियों के साथ भी ट्रेन परिचालन को लेकर चर्चा हो चुकी है।

बैठक के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

26 अगस्त की बैठक को जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के बीच सहमति बनने के बाद परिचालन की तैयारियों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो सकता है।