Move to Jagran APP

विवाहिता हत्याकांड में आरोपित पति चढ़ा पुलिस के हत्थे

साहरघाट थाना क्षेत्र के पहिपुरा में विवाहिता की हत्या के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपित पति पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला की सास राधा देवी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया था लेकिन आरोपित पति फरार हो गया था।

By JagranEdited By: Published: Wed, 30 Jun 2021 12:18 AM (IST)Updated: Wed, 30 Jun 2021 12:18 AM (IST)
विवाहिता हत्याकांड में आरोपित पति चढ़ा पुलिस के हत्थे
विवाहिता हत्याकांड में आरोपित पति चढ़ा पुलिस के हत्थे

मधुबनी । साहरघाट थाना क्षेत्र के पहिपुरा में विवाहिता की हत्या के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपित पति पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला की सास राधा देवी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन आरोपित पति फरार हो गया था। पुलिस ने सोमवार की रात उसे गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि रविवार की रात विवाहिता रीना कुमारी की ससुराल वालों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। सोमवार की सुबह पुलिस को घटना की जानकारी मिली। मृतका के पिता बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम उड़ेन बलही टोल निवासी सूर्यनारायण यादव के बयान पर साहरघाट थाना में दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करने और हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पति पप्पू यादव, सास राधा देवी, ननद रिकू कुमारी, देवर सूरज यादव, ससुर ब्रह्मादेव यादव व सीताशरण यादव के पुत्र भोली यादव को नामजद अभियुक्त बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। थानाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने कहा कि दहेज हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है। आरोपी सास व पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जल्द सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। संदिग्ध स्थिति में मिला विवाहिता का शव, हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार सकरी थाना क्षेत्र के रहिका प्रखंड अंतर्गत लक्ष्मीपुर पंचायत के सहवानी पोखर टोला से पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में विवाहिता का शव बरामद किया है। हत्या के आरोप में उसके पति जितेंद्र पासवान को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में मृतका गीता देवी के पिता राजनगर थाना क्षेत्र के सीवीपट्टी निवासी रामदेव पासवान के बयान पर सकरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में बताया गया है कि छह वर्ष पूर्व सीवीपट्टी निवासी रामदेव पासवान ने अपनी बेटी गीता देवी की शादी सहवानी पोखर टोला निवासी रविद्र पासवान के बेटे जितेंद्र पासवान से कराई थी। शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज भी दिया था, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद से ही मृतका के पति जितेंद्र पासवान, ससुर रविद्र पासवान, सास महादेवी सहित अन्य ससुराल वाले दहेज में नगद रुपये की मांग करने लगे। इसको लेकर मृतका के साथ गालीगलौज व मारपीट भी करने लगे। कई बार ग्रामीण स्तर पर पंचायत भी हुई। अंतत: सोमवार को ससुराल वालों ने मिलकर गला दबा उसकी हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के लिए आनन-फानन में शव को जलाने का प्रयास भी किया। स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले वहां पहुंच गए। उनलोगों ने तत्काल घटना की सूचना सकरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सकरी थानाध्यक्ष उमेश कुमार पासवान पुलिस बल के संग वहां पहुंचे। उन्होंने शव को अपने कब्जे में लेते हुए मृतका के पति जितेंद्र पासवान को पत्नी की हत्या के आरोप में हिरासत में ले लिया। अन्य ससुराल वाले पुलिस के आने से पूर्व भागने में सफल रहे। ससुराल वालों का आरोप था कि पारिवारिक कलह के कारण गीता ने साड़ी के फंदे से झूल आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष उमेश पासवान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया गया है। अन्य नामजदों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.