वर्षा से सड़क पर जलजमाव,आवागमन में परेशानी
मधुबनी। अनुमंडल मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न सड़कों पर वर्षा के बाद से जलजमाव होने के कारण लोगों के लिए आवागमन दुरूह बना हुआ है।
मधुबनी। अनुमंडल मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न सड़कों पर वर्षा के बाद से जलजमाव होने के कारण लोगों के लिए आवागमन दुरूह बना हुआ है। जयनगर से उमगांव, बासोपटटी की ओर जाने वाली एनएच 104 पर देवधा उसराही गांव के पास जलजमाव के कारण लोगों का पैदल चलना भी दुरूह बना हुआ है। विगत 13 जून को प्रखंड के चार पंचायत के जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क जाम आंदोलन के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किये जाने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश कायम है। इधर जयनगर नगर पंचायत के वार्ड नं. छह एवं सात के विभिन्न सड़कों पर हल्की वर्षा के बाद से ही जलजमाव होने से मुहल्लेवासियों को अपने घरों से निकालना दूभर बना हुआ है।मुहल्ले में लगातार जलजमाव होने से लोगों की परेशानी बढी रहती है। अनुमंडल मुख्यालय से बलडीहा होते हुए इनरवा जाने वाली सड़क पर जलजमाव की समस्या नासूर बनी हुई है। लोग उक्त सड़क पर घुटने भर कीचड़ युक्त पानी में चलने को मजबूर है।इनरवा रोड में एसएसबी 48वीं वाहिनी का कमला बीओपी का कैंप मुख्यालय होने एवं नेपाल की ओर जाने के महत्वपूर्ण सड़क होने के बाबजूद सड़क को जलजमाव से मुक्त कराने की सार्थक पहल नहीं होने से दोनों देश के नागरिकों में क्षोभ कायम है। उक्त सड़क पर जलजमाव की समस्या विगत कई वर्षों से बनी हुई है, बाबजूद इसके अनुमंडल प्रशासन समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है।