एसडीएम के आश्वासन पर बाढ़ पीड़ितों ने लिया आंदोलन वापस
बाढ़ राहत सहायता राशि से वंचित मधवापुर के बाढ़ पीड़ितों द्वारा जारी आंदोलन शुक्रवार की देर शाम एसडीओ मुकेश रंजन के आश्वासन पर वापस ले लिया गया।
मधुबनी। बाढ़ राहत सहायता राशि से वंचित मधवापुर के बाढ़ पीड़ितों द्वारा जारी आंदोलन शुक्रवार की देर शाम एसडीओ मुकेश रंजन के आश्वासन पर वापस ले लिया गया।
बाढ़ पीड़ितों के मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार देर शाम बेनीपट्टी एसडीएम मुकेश रंजन के साथ डीएसपी पुष्कर कुमार, आरक्षी निरीक्षक प्रवीण मिश्र, मधवापुर, साहरघाट, खिरहर, अरेर, के थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंच कर बाढ़ पीडि़तों के प्रतिनिधि पंसस पति चेतन कुमार, नीलांबर मिश्र, सरपंच बलराम कुमार झा, भाजपा नेता काशीनाथ मिश्र और बाढ़ राहत से वंचित बाढ़ पीड़ितों से वार्ता कर उनके समस्याओं पर चर्चा कर एसडीएम ने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने एवं वंचित बाढ़ पीड़ितों बकाए अनुदान का वितरण शीघ्र किए जाने का आश्वासन दिया। आश्वासन पर लोग मान गए और आंदोलन वापस ले लिया।
मालूम हो कि बाढ़ राहत सहायता राशि सूची से पंचायत के डीलरों द्वारा नाम काटे जाने से गुस्साए, मधवापुर के बाढ़ पीड़ितों ने शुक्रवार को पंचायत के मुखिया पति निलांबर मिश्र को घंटों बंधक बनाए रखा। पुलिस के पहुंचने पर मुखिया पति को बंधकमुक्त कर सीओ, बीडीओ को बुलाने की मांग करने लगे। सीओ, बीडीओ के पहुंचने पर सकारात्मक वार्ता नहीं होने से गुस्साए बाढ़ पीड़ितों ने बीडीओ एवं सीओ को भी खदेड़ कर प्रखंड कार्यालय को घंटों घेरे रखा। एसडीएम के पहुंचने पर लोग शांत हुए। वार्ता में पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।