जख्मी पत्रकार के बयान पर प्राथमिकी, दो नामजद
मधुबनी। बदमाशों की गोली से जख्मी पत्रकार प्रदीप मंडल के बयान पर पंडौल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें अशोक कामत और सुशील साह को नामजद किया गया है।
मधुबनी। बदमाशों की गोली से जख्मी पत्रकार प्रदीप मंडल के बयान पर पंडौल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें अशोक कामत और सुशील साह को नामजद किया गया है। पुलिस ने कहा कि दोनों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। सुशील साह पर भैरवस्थान थाने में लूट का मामला दर्ज है। इसमें वह जेल भी जा चुका है। अशोक कामत और सुशील साह शराब के कारोबार से भी जुड़ा है। दोनों कुछ ही दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर निकला। इसके बाद पत्रकार पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस कर रही छापेमारी : मधुबनी एसपी डॉ. सत्य प्रकाश स्वयं अपने नेतृत्व में हमलावारों को गिरफ्तार करने के लिए रातभर ताबड़तोड़ छापेमारी की। लेकिन, सफलता नहीं मिली। हालांकि, हमलावरों के ठिकानों के बारे में जानकारी लेने के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को उठाकर सुराग पाने का प्रयास किया। संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी थी।
पत्रकार के घर की सुरक्षा बढ़ी : एसपी ने कहा कि पत्रकार प्रदीप मंडल और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए घर पर दो सिपाही और एक चौकीदार को अगले आदेश तक प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। इस कांड को अंजाम देने वाले दोनों हमलावरों का आपराधिक इतिहास है। हाल में जेल से जमानत पर बाहर आया है। दोनों की पूर्व के केस में मिली जमानत को कोर्ट से रद कराने की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी के बाद स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाई जाएगी। गिरफ्तारी वारंट निर्गत कराया जाएगा। जरूरत पड़ी तो दोनों के घरों की कुर्की की जाएगी।
आइजी कर रहे मॉनीटरिग : आइजी पंकज दाराद ने कहा कि वे स्वयं मामले की मॉनीटरिग कर रहे हैं। पल-पल का फीडबैक ले रहे हैं। पत्रकार के परिजनों को भरोसा दिलाया कि आरोपितों पर दबाव बनाने के लिए पंडौल पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। इसमें आरोपितों के कई परिजन भी हैं। बहुत जल्द पूरे मामले का पर्दाफाश होगा। पत्रकारों की सुरक्षा के प्रति पुलिस काफी गंभीर है।
डीएमसीएच में बढ़ी सुरक्षा : डीआइजी क्षत्रनील सिंह के निर्देश के बाद दरभंगा एसएसपी बाबू राम ने पत्रकार प्रदीप मंडल की सुरक्षा के लिए डीएमसीएच के सर्जिकल आइसीयू में सुरक्षा बल को तैनात कर दिया है। डीआइजी ने कहा कि परिवार की सुरक्षा के लिए मधुबनी एसपी को विशेष निर्देश दिया गया है। घटना को अंजाम देने वाले बदमाश और घायल पत्रकार एक ही पंचायत के रहने वाले हैं।
शराब कारोबारियों पर खबर लिखना घटना का असली कारण : पत्रकार प्रदीप मंडल को पैतृक गांव हाटी में गोली मारने के पीछे शराब कारोबारियों के खिलाफ खबर लिखने की बात कही गई है। जख्मी पत्रकार ने कहा कि सरिसवपाही गांव के अशोक कामत और सुशील साह शराब का कारोबार करता है। दोनों कई मामलों में आरोपित है। हाल में पुलिस ने शराब के मामले में दोनों को आरोपित बनाया था। इसमें दोनों फरार था। इस खबर को दैनिक जागरण ने प्रकाशित किया था। एक सप्ताह पूर्व दोनों ने कोर्ट में सरेंडर कर जमानत ली थी। इसके बाद घटना को अंजाम दिया।
-----------
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप