किसान सम्मान निधि की अगली किस्त पर बड़ा अपडेट, मधुबनी में 2.86 लाख किसानों का e-KYC बाकी
मधुबनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त के लिए 2.86 लाख किसानों का ई-केवाईसी लंबित है। कृषि विभाग ...और पढ़ें

जिला कृषि कार्यालय महिनाथपुर, रामपट्टी। जागरण
HighLights
मधुबनी में 2.86 लाख किसानों का ई-केवाईसी लंबित।
अगली किस्त के लिए सत्यापन कराना अनिवार्य।
मोबाइल ऐप या सीएससी से कर सकते हैं ई-केवाईसी।
जागरण संवाददाता, मधुबनी । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त का इंतजार कर रहे मधुबनी के किसानों के लिए ई-केवाइसी जरूरी है। जिले में 2.87 लाख किसानों में से 2.86 लाख किसानों का ई-केवाइसी अब भी लंबित है।
ऐसे में समय रहते सत्यापन नहीं कराने वाले किसानों को अगली किस्त का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है। कृषि विभाग ने किसानों से जल्द ई-केवाइसी पूरा कराने की अपील की है।
छह हजार रुपये की मिलती है सालाना सहायता
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रत्येक वर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन किस्तों में किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है। योजना का लाभ निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए किसानों का ई-केवाइसी सत्यापन पूरा होना आवश्यक है।
घर बैठे मोबाइल से कर सकते हैं ई-केवाइसी
किसानों के लिए ई-केवाइसी कराने की प्रक्रिया आसान की गई है। वे घर बैठे अपने मोबाइल फोन से फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए सत्यापन पूरा कर सकते हैं। इसके लिए गूगल प्ले स्टोर से पीएम-किसान मोबाइल एप और आधार फेस आरडी एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद पीएम-किसान एप में पंजीकरण संख्या या आधार संख्या के माध्यम से लॉगिन कर ई-केवाइसी की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
सीएससी और वसुधा केंद्र पर भी सुविधा
मोबाइल से ई-केवाइसी नहीं कर पाने वाले किसान नजदीकी सीएससी या वसुधा केंद्र पर जाकर सत्यापन करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखना होगा। वहां बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से ई-केवाइसी पूरा किया जा सकता है।
समय रहते करा लें सत्यापन
जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा ठाकुर ने किसानों से बिना विलंब ई-केवाइसी पूरा कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान समय रहते अपना सत्यापन करा लें, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की आर्थिक सहायता का लाभ मिलने में किसी तरह की बाधा न आए।
