श्रीलंका में चमका बिहार का नाम, डॉ. राजनाथ झा को मिला इंटरनेशनल प्रोफेसर अवार्ड-2026
डॉ. राजनाथ झा को श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन में प्रतिष्ठित प्रोफेसर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया।

डॉ. राजनाथ झा। (जागरण)
HighLights
डॉ. राजनाथ झा को श्रीलंका में प्रोफेसर अवार्ड-2026 मिला।
अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन में भारतीय ज्ञान परंपरा को पहचान मिली।
वृष्टि विज्ञान और AI पर शोधपत्र ने ध्यान आकर्षित किया।
जागरण संवाददाता, झंझारपुर। भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय को श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन में नई पहचान मिली।
अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष वैदिक फेडरेशन, अमेरिका के तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में पटना स्थित ज्योतिर्वेद विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. राजनाथ झा को प्रतिष्ठित प्रोफेसर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया।
डॉ. झा ने सम्मेलन में ‘भारतीय ज्योतिष शास्त्र में वृष्टि विज्ञान और वर्तमान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)’ विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत किया।
उन्होंने प्राचीन भारतीय ऋषियों की खगोलीय गणनाओं, मेघ-गर्भ लक्षणों और वृष्टि विज्ञान से जुड़े सूत्रों को आधुनिक डेटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग और AI तकनीक से जोड़ने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय ज्ञान में मौजूद प्राकृतिक एवं खगोलीय संकेतों का आधुनिक तकनीक के माध्यम से विश्लेषण कर मौसम और पर्यावरण पूर्वानुमान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। शोधपत्र को सम्मेलन में मौजूद विद्वानों ने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीलंका के पेराडेनिया विश्वविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. वेन. जम्बुगहपिटिये धम्मलोकजी ने की।
सम्मेलन में IVAF की चेयरमैन दिव्या पिलई, एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. मनीष पाण्डेय सहित विभिन्न देशों के विद्वान और शोधार्थी मौजूद रहे। डॉ. झा की उपलब्धि को बिहार के लिए गौरवपूर्ण बताया गया।
यह भी पढ़ें- मधुबनी के युवक ने मारा लंबा हाथ, लखनऊ में नौकर बन उड़ाया 1.5 करोड़ का माल, रुन्नीसैदपुर से गिरफ्तार
