पारदर्शिता के साथ करें गृहक्षति का सर्वेक्षण : बीडीओ
वर्षा व बाढ़ के दौरान मधवापुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न 13 पंचायतों में ध्वस्त हुए घरों का क्षति का सर्वेक्षण का कार्य अंतिम चरण में है।
मधुबनी। वर्षा व बाढ़ के दौरान मधवापुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न 13 पंचायतों में ध्वस्त हुए घरों का क्षति का सर्वेक्षण का कार्य अंतिम चरण में है। अधिकारियों व कर्मियों के द्वारा अबतक किए गए सर्वेक्षण के अनुसार प्रखंड 13 पंचायतों में 3155 लोगों का फूस व मिट्टी का घर ध्वस्त हो जाने की जानकारी मिली है।
बीडीओ शिवशंकर राय ने शुक्रवार को बताया कि अधिकारियों एवं सरकारी कर्मियों के द्वारा अबतक सभी 13 पंचायतों में किए गए सर्वेक्षण के मुताबिक 3155 बाढ़ पीड़ितों का फूस व मिट्टी का घर आंशिक व पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। बीडीओ ने बताया कि सर्वेक्षण के अनुसार अबतक मधवापुर में 57, वासुकी बिहारी उतरी में 203, वासुकी बिहारी दक्षिणी में158, बलवा में 40, साहरउतरी में 225, साहरदक्षिणी में 161, मुखियापट्टी में 214, उतरा में 373, सलेमपुर में 300, पिहवारा में 191, तरैया में 185, पिरौखर में 44 एवं विशनपुर पंचायत में 606 घर आंशिक व पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। शेष सर्वेक्षण का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कर्मियों को पारदर्शिता के साथ आवंटित क्षेत्र के ध्वस्त हुए घरों का भौतिक स्तर पर सर्वेक्षण कर विहित प्रपत्र में प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी तरह अनियमितता एवं लापरवाही बरतने वाले कर्मी बक्शें नहीं जाएंगे। सर्वेक्षण कर्मी अपने आवंटित पंचायतों में घुम-घुम कर बाढ़ वर्षा के समय ध्वस्त हुए घरों का सर्वे कर रहे है। तीन दिन के अंदर इससे संबंधित प्रतिवेदन प्रखंड कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया है।