धान के बोझे में मिला युवक का शव, एनएच-104 जाम, पुलिस से नोकझोंक
बासोपट्टी थाना क्षेत्र की महिनाथपुर पंचायत अंतर्गत दुहबी जानकीनगर गांव के एक खेत से धान के बोझा में रखा शव मिलने से लोगों में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार सुबह लोगों की नजर खेत में रखे धान के बोझा में रखे शव पर पड़ते ही अफरातफरी मच गई।
मधुबनी । बासोपट्टी थाना क्षेत्र की महिनाथपुर पंचायत अंतर्गत दुहबी जानकीनगर गांव के एक खेत से धान के बोझा में रखा शव मिलने से लोगों में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार सुबह लोगों की नजर खेत में रखे धान के बोझा में रखे शव पर पड़ते ही अफरातफरी मच गई। शव की पहचान गांव के ही अनिल साह के 27 वर्षीय पुत्र मनीष साह के रूप में की गई। खबर मिलते ही बासोपट्टी थानाध्यक्ष अरविद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। स्वजनों की माने तो गांव के ही कुछ लोगों के साथ युवक की बीते दिनों अनबन हुई थी। इधर, स्थानीय लोगों ने शव को लेकर एनएच-104 जयनगर-हरलाखी मुख्य सड़क को घंटों जाम रखा गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क जाम स्थल पर समझाने पहुंची पुलिस के साथ लोगों ने नोकझोंक भी की। इसके बाद सूचना पर देवधा और हरलाखी थाने की पुलिस पहुंची, तब जाकर लोगों को समझाने पर सड़क जाम समाप्त हुआ और शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष अरविद कुमार ने बताया कि घटना किस कारण से हुई इसका पता अभी नहीं चला है। पुलिस हर बिदु पर छानबीन कर रही है। जल्द हीं आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। खबर लिखे जाने तक थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल शक के आधार पर एक व्यक्ति को थाने लाया गया है।