ग्रामीणों ने किया शव के साथ एनएच जाम
झंझारपुर थाना के चनौरागंज एनएच 57 पर पिपरौलिया पंचायत के कनकपुरा गांव के महादलितों ने युवक अंशु कुमार सदाय के शव के साथ रविवार को प्रदर्शन किया।
मधुबनी। झंझारपुर थाना के चनौरागंज एनएच 57 पर पिपरौलिया पंचायत के कनकपुरा गांव के महादलितों ने युवक अंशु कुमार सदाय के शव के साथ रविवार को प्रदर्शन किया। एनएच करीब आठ घंटे तक जाम रहा। जामकर्ताओं की मांग थी कि अंशु की मौत ट्रैक्टर से दबकर नहीं हुई है बल्कि उसकी हत्या की गई है। इसमें पुलिस की भूमिका पर भी लोग सवाल उठा रहे थे। जामकर्ताओं की मांग थी कि हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज हो और आरोपित लोगों को पुलिस तुरत गिरफ्तार करे। सरकारी नौकरी आश्रित को दी जाए तथा झंझारपुर के थानाध्यक्ष बीडी ¨सह का निलंबन हो। अन्त्यपरीक्षण रिपोर्ट तुरत उपलब्ध कराया जाए ताकि उसमें फेरबदल की कोई गुंजाईश न रह जाए तथा एसआइटी का गठन किया जाए। जिसमें स्थानीय थाना की पुलिस शामिल नहीं हो। करीब आठ घंटा के कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटाया जा सका। मौका पर मधुबनी सदर एसडीपीओ, झंझारपुर एसडीओ, झंझारपुर, अड़रिया, आरएस ओपी के पुलिस बल मौजूद थे। एक मौका ऐसा भी आया जब आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस पर चूड़ियां फेकी। जाम के कारण लोग हलकान रहे।
क्या है मामला :
झंझारपुर थाना के सुखेत गांव के एक खेत में पिपरौलिया पंचायत के कनकपुरा गांव के शिवशंकर सदाय के पुत्र अंशु कुमार सदाय का शव पुलिस ने शनिवार को जब्त किया था। शनिवार से ही परिजन हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे थे। रात में परिजन हत्या की प्राथमिकी का आवेदन पुलिस को दिया था लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। इससे आक्रोशित होकर पोस्टमार्टम से शव आने के बाद शव के साथ लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों की मांग पर ऑन स्पाट प्राथमिकी की कॉपी पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को सिपुर्द किया। प्रशासन ने लोगों की मांग पर एसआईटी का गठन किया है। नामजद हत्या की प्राथमिकी में मो. इस्लाम मंसूरी, बलराम यादव, प्रमोद यादव, विष्णु महतो, लाट साहब, देवन ठाकुर सभी चनौरागंज निवासी को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने तत्काल नामजद अभियुक्त में से एक इस्लाम मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का कारण मजदूरी मांगने पर 48 घंटा में अंशु को मारने की धमकी देना बताया गया है। प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि हत्या किए जाने के बाद दुर्घटना साबित करने के लिए ट्रैक्टर से अंशु के शरीर को रौंदा गया। नामजद सभी अभियुक्त चनौरागंज के रसूखदार व्यक्ति माने जाते हैं। प्रशासन द्वारा सभी मांगें माने जाने के बाद लोग जाम पर डटे थे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तुरत मांग रहे थे। बीडीओ झंझारपुर ने तत्काल बीस हजार रुपये की राशि पारिवारिक लाभ की दी है। लोगों ने कहा कि अगर समझौता के अनुरूप कार्य नहीं हुआ तो पुन: एक सप्ताह के बाद आंदोलन किया जाएगा।