सीएम करेंगे मिथिला चित्रकला संस्थान निर्माण का शिलान्यास
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मधुबनी जिले में संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर चल रही है।
मधुबनी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मधुबनी जिले में संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर चल रही है। मुख्यमंत्री के इस जिले में 10 जनवरी को आने की संभावना है। मुख्यमंत्री का रहिका प्रखंड के सौराठ में संभावित कार्यक्रम प्रस्तावित है। सीएम नीतीश कुमार के संभावित आगमन के मद्देनजर प्रस्तावित स्थल रहिका प्रखंड क्षेत्र के सौराठ का जिला पदाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक एवं पुलिस अधीक्षक दीपक बरनवाल ने स्थल निरीक्षण किया। मधुबनी आगमन पर सीएम नीतीश कुमार सौराठ में मिथिला चित्रकला संस्थान का निर्माण हेतु शिलान्यास करेंगे। डीएम एवं एसपी के स्थल निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम सुनील कुमार ¨सह, सदर एसडीपीओ कामिनी बाला समेत कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
वहीं डीएम एवं एसपी ने नारी शिशु कल्याण परिषद, मधुबनी में अस्थाई रूप से संचालित मिथिला चित्रकला संस्थान का भी निरीक्षण किया। यहां सर्टिफिकेशन कोर्स एवं डिग्री कोर्स हेतु शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री के द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया गया। बहरहाल मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन जोरशोर से तैयारी में जुट है। वहीं मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उनके समर्थकों में भी काफी उत्साह है।