मधुबनी से दिल्ली के लिए चली बस लखनऊ में दुर्घटनाग्रस्त, छह चोटिल
मधुबनी गोशाला रोड से दिल्ली के लिए चली राजधानी बस संख्या यूपी 42 बीटी-3254 गुरुवार की रात लखनऊ के कृष्णानगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस ने आगे जा रही एक दूसरी बस में रात के करीब 155 बजे ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में बस में सवार छह लोग घायल हो गए।
मधुबनी । मधुबनी गोशाला रोड से दिल्ली के लिए चली राजधानी बस संख्या यूपी 42 बीटी-3254 गुरुवार की रात लखनऊ के कृष्णानगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस ने आगे जा रही एक दूसरी बस में रात के करीब 1:55 बजे ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में बस में सवार छह लोग घायल हो गए। बस में सवार लोगों के अनुसार चालक बस को बढ़ाते गया। तकरीबन 70 किमी आगे जाकर बस में आई खराबी के बाद चालक बस को लखनऊ-आगरा हाईवे पर आगरा टॉल प्लाजा के पास खडी कर भाग गया। इस दुर्घटना में मधुबनी के विक्रम मंडल, रहिका के राजेश राम, बेनीपट्टी के सुमन पासवान, कलुआही के राजेश साफी समेत छह लोग चोटिल हुए। बताया कि बस में सीट से कहीं अधिक यात्री सवार थे। अधिकांश लोग लॉकडाउन खुलने के बाद अपने काम पर लौट रहे थे। बस पर सवार लोगों ने फोन पर बताया कि वे लोग लखनऊ-आगरा मार्ग पर टॉल प्लाजा के पास ही धूल फांकते रहे। बस कर्मी फोन पर अहले सुबह से ही दूसरी बस भेजने की बात कहता रहा। निकट के होटल वाले भी मनमाना वसूल रहे थे। लोकल पुलिस ने स्थल पर पहुंच मामले की जांच की। बरात में आई गाड़ी की ठोकर से वृद्धा की मौत
झंझारपुर (मधुबनी) : भैरवस्थान थाना के समिया गांव में एक चारपहिया वाहन की ठोकर से एक साठ वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान समिया गांव निवासी सुखेदव पासवान की पत्नी सागर देवी के रूप में हुई है। शव का पोस्टमार्टम करा पुलिस ने स्वजनों को सिपुर्द कर दिया है। घटना गुरुवार देर शाम की है। थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि समिया में एक बारात आई थी। उसी में से एक चार पहिया वाहन ने बैक करने के दौरान वृद्धा को जोरदार टक्कर मार दी। उनका इलाज कराया गया, लेकिन रात में ही उनकी मौत हो गई। इस संबंध में सुखेदव पासवान के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और स्वजन यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बरात में आई किस गाड़ी से यह दुर्घटना हुई है।