विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में कुत्ते से बचने के लिए नहर में कूदा मासूम, गहरे पानी में डूबने से मौत

Published: Fri, 17 Jul 2026 05:38 PM (GMT+05:30)

राजनगर थाना क्षेत्र के राघोपुर-बलाट गांव के पास कोसी नहर में डूबने से नौ वर्षीय छात्र मो. रिहान की मौत ...और पढ़ें

मधुबनी में बच्चे को बाहर निकालते स्थानीय लोग।

मधुबनी में बच्चे को बाहर निकालते स्थानीय लोग।

HighLights

  1. नौ वर्षीय छात्र मो. रिहान की नहर में डूबने से मौत।

  2. कुत्ते से बचने के लिए नहर में लगाई थी छलांग।

  3. ग्रामीणों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव निकाला।

संवाद सहयोगी, राजनगर (मधुबनी)। राजनगर थाना क्षेत्र के राघोपुर-बलाट गांव के समीप उग्रनाथ शाखा कोसी नहर में डूबने से नौ वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर किनारे जुट गए। स्थानीय लोगों ने जाल के सहारे करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे का शव नहर से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची राजनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक की पहचान बलाट गांव निवासी रिक्शा चालक मो. फूलहसन अंसारी के नाती मो. रिहान (9) के रूप में हुई है। वह पंडौल थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी मो. हलीम का पुत्र था और अपने ननिहाल बलाट में रहकर प्राथमिक विद्यालय, राघोपुर में पढ़ाई करता था।


जानकारी के अनुसार, विद्यालय से लौटने के बाद रिहान अपने एक सहपाठी के साथ कोसी नहर की ओर चला गया। इसी दौरान एक कुत्ता भौंकते हुए उनकी ओर दौड़ा। उससे बचने के लिए दोनों बच्चों ने नहर में छलांग लगा दी।

रिहान का साथी तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन तैरना नहीं जानने के कारण रिहान गहरे पानी में डूब गया। काफी खोजबीन के बाद उसका शव बरामद किया गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद बलाट स्थित ननिहाल और शाहपुर स्थित पैतृक गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

  • मामला राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर बलाट से जुड़ा
  • तीन घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने निकाला शव
  • मृतक पंडौल थाना क्षेत्र के शाहपुर का निवासी था, बलाट में ननिहाल था, जहां हुई मौत

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में नाला खुदाई के दौरान फटी PNG पाइपलाइन, स्कूल में फैली गैस से 7 छात्राएं बेहोश