बिहार में ट्रेन पलटाने की बड़ी साजिश, ट्रैक पर रखा था कंक्रीट स्लैब, लोको पायलट की सूझबूझ से टला हादसा
मधुबनी में ट्रेन पलटाने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ, जहां ट्रैक पर कंक्रीट स्लैब रखा गया था। लोको पायलट ...और पढ़ें

मधुबनी में पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
मधुबनी में ट्रेन पलटाने की बड़ी साजिश का खुलासा।
ट्रैक पर कंक्रीट स्लैब रखकर हादसा करने की कोशिश।
लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा।
संवाद सहयोगी, अंधराठाढ़ी (मधुबनी)। बिहार के मधुबनी जिले में ट्रेन को बेपटरी करने की सनसनीखेज साजिश सामने आई है। रुद्रपुर थाना क्षेत्र के महरैल स्टेशन के समीप लौकहा बाजार से आनंद विहार जाने वाली 04013 स्पेशल ट्रेन के ट्रैक पर कंक्रीट स्लैब रख दिया गया था।
लोको पायलट की सतर्कता से समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी गई। इससे बड़ा रेल हादसा टल गया और ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई। आरपीएफ और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपितों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
ट्रैक पर रखा था भारी स्लैब
घटना 26 अक्टूबर की तड़के करीब 2:25 बजे की है। आनंद विहार स्पेशल ट्रेन महरैल स्टेशन के लाइन नंबर एक से बिना रुके गुजर रही थी। इसी दौरान फुट ओवरब्रिज के पास लोको पायलट उपेंद्र भंडारी की नजर रेलवे ट्रैक पर रखे सिटिंग बेंच के भारी कंक्रीट स्लैब पर पड़ी।
लोको पायलट ने लगाया इमरजेंसी ब्रेक
घना अंधेरा होने के बावजूद लोको पायलट ने खतरे को भांप लिया और तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रेन अवरोध से ठीक पहले रुक गई। इसके बाद ट्रैक से स्लैब हटाया गया और कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। जांच पूरी होने के बाद सुबह 2:44 बजे ट्रेन को झंझारपुर के लिए रवाना किया गया।
सादे लिबास में दबिश देकर दो को पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ समस्तीपुर के सहायक सुरक्षा आयुक्त, जीआरपी, आरपीएफ इंस्पेक्टर पुखराज मीना और रुद्रपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। आरपीएफ झंझारपुर प्रभारी अरविन्द कुमार तथा आरक्षी हरि नारायण चौधरी और अजय कुमार मीना की टीम ने सादे लिबास में दबिश देकर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
एक आरोपित नाबालिग
रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजुला मिश्रा के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों में एक की पहचान महरैल कर्णपुर चौक निवासी असमत अंसारी, पिता मो. जाहिद अंसारी, के रूप में हुई है। दूसरा आरोपित नाबालिग है। दोनों को रुद्रपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
रेल अधिनियम के तहत प्राथमिकी
पुलिस ने मामले में रेल अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे ट्रैक पर स्लैब रखने के पीछे आरोपितों की मंशा क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।
