प्रेमिका को इंप्रेस करने का चढ़ा खुमार, निकाला कट्टा, हवा में गोली चलाई, मधुबनी में ग्रामीणों ने दबोचा
मधुबनी में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक युवक ने प्रेमिका को प्रभावित करने के लिए हवा में देशी कट्टा से ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मूर्ति विसर्जन में युवक ने हवा में चलाई गोली।
प्रेमिका को प्रभावित करने के लिए किया यह कारनामा।
ग्रामीणों ने देशी कट्टा सहित युवक को पकड़ा।
संवाद सूत्र, घोघरडीहा (मधुबनी)। प्रेमिका के सामने रौब दिखाने की चाहत में एक युवक ने ऐसा कारनामा कर दिया कि मूर्ति विसर्जन का जश्न अचानक अफरा-तफरी में बदल गया।
सोमवार को निघमा गांव में कृष्ण जन्माष्टमी के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान युवक ने देशी कट्टा निकालकर हवा में फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को कट्टा सहित पकड़ लिया।
नाच-गाने के बीच निकाला कट्टा
निघमा चौक स्थित तालाब में मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था। बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। नाच-गाने के बीच कुपहा गांव निवासी कैलू यादव का पुत्र सिंटू यादव वहां पहुंचा था। बताया गया कि प्रेम प्रसंग में लड़की के सामने अपना रौब दिखाने के लिए उसने अचानक देशी कट्टा निकाल लिया और हवा में फायरिंग कर दी।
गोली चलते ही मची अफरा-तफरी
फायरिंग होते ही कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने युवक को भागने का मौका नहीं दिया और उसे पकड़ लिया। उसके पास से देशी कट्टा भी बरामद किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी।
मामला दबाने की हो रही थी कोशिश
बताया गया कि युवक और उसके परिजनों की ओर से मामले को आपसी स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच किसी व्यक्ति ने डायल-112 पर घटना की सूचना दे दी।
पुलिस ने कट्टा समेत युवक को लिया कब्जे में
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने युवक और बरामद देशी कट्टा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उसे थाने ले गई।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। वे जिला मुख्यालय में हैं। थाने पहुंचने के बाद मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच फायरिंग को लेकर चर्चा बनी रही।
