मधुबनी में सड़क पर शराब पीने से रोका तो चाकू से फोड़ी आंख, लॉकेट और रुपये भी लूटे
मधुबनी में सड़क किनारे शराब पीने से मना करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया, जिससे ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
सड़क किनारे शराब पीने से रोकने पर हमला।
चाकू से बाईं आंख पर वार, रोशनी गई।
हमलावरों ने सोने का लॉकेट, रुपये लूटे।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। सड़क किनारे शराब पीने से रोकना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। सकरी थाना क्षेत्र के नरपतिनगर निवासी राकेश कुमार मंडल पर आरोपितों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
चाकू का वार उनकी बायीं आंख पर लगा, जिससे आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई और रोशनी चले जाने की बात सामने आई है। पीड़ित ने हमलावरों पर मारपीट के साथ सोने का लॉकेट और पांच हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है।
शराब पीने से किया था मना
बताया जाता है कि घटना दिन के करीब 11 बजे की है। राकेश कुमार मंडल सूर्यनारायण हॉल्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजकुमार के घर के पास कुछ लोग सड़क किनारे शराब पी रहे थे। राकेश ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
चाकू से आंख पर किया वार
पीड़ित के अनुसार, राजकुमार पासवान, उसकी पत्नी शीला देवी, मुरिया हाटी निवासी नियाज कुरैशी सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान चाकू से उनकी बायीं आंख पर वार कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से आंख क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित ने आंख की रोशनी चले जाने की बात कही है।
लॉकेट और रुपये लूटने का आरोप
राकेश ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके गले से सोने का लॉकेट और जेब में रखे पांच हजार रुपये भी छीन लिए। विरोध करने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
प्राथमिकी दर्ज, छापेमारी शुरू
सकरी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
