विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : भारत नेपाल सीमा पार सैटेलाइट फोन से बातचीत पर नजर, एसएसबी और नेपाल एपीएफ ने कसी निगरानी

Published: Thu, 01 Oct 2026 06:34 PM (GMT+05:30)

SSB Nepal APF meeting : भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और नेपाल एपीएफ की बैठक में संदिग्ध आवाजाही और सैटेलाइट फोन ...और पढ़ें

India Nepal border : बैठक में शामिल दोनो देशों के सुरक्षा अधिकारी।

India Nepal border : बैठक में शामिल दोनो देशों के सुरक्षा अधिकारी।

HighLights

  1. सैटेलाइट फोन और संदिग्ध आवाजाही पर निगरानी बढ़ेगी।

  2. सीमा पार अपराध, तस्करी रोकने पर सहमति बनी।

  3. एसएसबी और नेपाल एपीएफ ने समन्वय मजबूत किया।

संवाद सहयोगी, हरलाखी (मधुबनी)। भारत-नेपाल सीमा पर अब संदिग्ध आवाजाही के साथ ही संचार के ऐसे साधनों पर भी सुरक्षा एजेंसियों की नजर रहेगी, जिनका इस्तेमाल सामान्य मोबाइल नेटवर्क से अलग तरीके से होता है।

पिपरौन सीमा के नो मेंस लैंड पर एसएसबी और नेपाल एपीएफ के अधिकारियों की बैठक में जनकपुर के आसपास थुराया सैटेलाइट फोन का उपयोग करने वालों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी को लेकर चर्चा हुई। दोनों देशों ने सीमा पार होने वाली गतिविधियों पर समन्वय बढ़ाने पर सहमति जताई।

अपराध रोकने पर बनी रणनीति

बैठक में दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने सीमा से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर सूचनाओं के आदान-प्रदान और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया।

नशे और मानव तस्करी पर शिकंजा

भारत और नेपाल के अधिकारियों ने मादक पदार्थों की तस्करी, नेपाली शराब की अवैध आवाजाही और मानव तस्करी पर संयुक्त रूप से अंकुश लगाने पर सहमति जताई। सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा करने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई करने की बात कही गई।

सैटेलाइट फोन उपयोग करने वालों पर नजर

बैठक में नेपाल के जनकपुर के आसपास थुराया सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल करने वाले लोगों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के मुद्दे पर भी बातचीत हुई। सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय के जरिए ऐसी गतिविधियों की निगरानी को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।

सीमा स्तंभों के रखरखाव पर जोर

दोनों पक्षों ने सीमा स्तंभों के रखरखाव और उनकी स्थिति की निगरानी पर भी चर्चा की। नो मेंस लैंड को पूरी तरह खाली रखने तथा वहां किसी तरह का अतिक्रमण या अवांछित गतिविधि नहीं होने देने पर सहमति बनी।

बाढ़ में भारत की मदद की सराहना

नेपाल एपीएफ के आइजी नारायण दत्त पौडेल ने भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के दौरान भारत की ओर से दी जाने वाली सहायता की सराहना की। बैठक सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण वातावरण में हुई। अंत में दोनों देशों के अधिकारियों ने सुरक्षित भारत और नेपाल का संकल्प दोहराया।

ये रहे मौजूद

बैठक में एसएसबी 48वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार, टूआइसी रजनीश कुमार मोरल, मुजफ्फरपुर इंटेलिजेंस के एसी अंकुश डांगे, धनंजय कुमार और पिपरौन कंपनी कमांडर मौजूद रहे। नेपाल एपीएफ की ओर से आइजी नारायण दत्त पौडेल, डीआइजी विष्णु प्रसाद भट्ट, एसपी भीम बहादुर बिष्ट सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।