विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में भारत-नेपाल सीमा पर सामान जब्ती के खिलाफ प्रदर्शन, आगजनी और रास्ता जाम

By Brijmohan mishraEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 04 Oct 2026 06:06 PM (IST)

भारत-नेपाल सीमा पर लौकहा-ठाड़ी बॉर्डर पर सामान जब्ती के विरोध में ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान आगजनी कर बांस-बल्ला लगाकर आवागमन बाधित किया गया।

मधुबनी जिले के लौकहा-ठाड़ी बॉर्डर विरोध प्रदर्शन करते स्थानीय लोग।

मधुबनी जिले के लौकहा-ठाड़ी बॉर्डर विरोध प्रदर्शन करते स्थानीय लोग।

HighLights

  1. सामान जब्ती के विरोध में भारत-नेपाल सीमा पर प्रदर्शन।

  2. प्रदर्शनकारियों ने आगजनी कर लौकहा-ठाड़ी बॉर्डर किया जाम।

  3. एसएसबी जवान सक्रिय, सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।

जागरण संवाददाता, खुटौना (मधुबनी)। भारत-नेपाल सीमा से सटे लौकहा-ठाड़ी बॉर्डर पर रविवार को सामान जब्ती के विरोध में नेपाल के ठाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बॉर्डर पर आगजनी की और बांस-बल्ला लगाकर दोनों ओर का आवागमन बाधित कर दिया। अचानक मार्ग बंद होने से सीमा पर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटे तक आवागमन प्रभावित रहने से बॉर्डर पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही लौकहा चेकपोस्ट पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान सक्रिय हो गए। जवानों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जवानों को सतर्क रखा गया।

स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन का मुख्य कारण सामान जब्ती बताया जा रहा है। ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना था कि सामान जब्ती से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के कारण सीमा के दोनों ओर कुछ समय के लिए सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं। सुरक्षा बल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।