मधुबनी में उग्रनाथ नहर का तटबंध टूटा, 500 एकड़ में लगी धान की फसल डूबी, गांव में घुसा पानी
Bihar Flood Update: मधुबनी के खजौली प्रखंड में उग्रनाथ नहर का पश्चिमी तटबंध टूटने से हड़कंप मच गया है। इससे ...और पढ़ें

गोसाईटोल एवं सहोरवा गांव के दर्जनों घरों में पानी प्रवेश कर जाने से लोगों को घर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। जागरण
संवाद सहयोगी, खजौली (मधुबनी)। Water Resources Department Bihar: बिहार के मधुबनी जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां प्रखंड के कन्हौली पंचायत के वार्ड 13 स्थित सहोरवा गांव के पास उग्रनाथ शाखा नहर का पश्चिमी तटबंध शुक्रवार की शाम अचानक टूट गया। तटबंध के टूटने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पांच सौ एकड़ फसल हुई बर्बाद
नहर का पानी तेजी से फैलने के कारण करीब 500 एकड़ में लगी धान की फसल और बीचड़ा पूरी तरह पानी में डूब गया है। यह पानी खजौली प्रखंड के अकसपुरा, घुसकीपट्टी सहित राजनगर प्रखंड क्षेत्र के पटवारा गांव के खेतों में भी फैल गया है।
घरों में घुसा नहर का पानी
खेतों के बाद अब पानी रिहायशी इलाकों की तरफ बढ़ चुका है। गोसाईटोल एवं सहोरवा गांव के दर्जनों घरों में पानी प्रवेश कर जाने के कारण लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है।
सात हजार की आबादी प्रभावित
बाढ़ जैसे इन हालातों के कारण क्षेत्र की करीब 7 हजार की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित हुई है। स्थानीय ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह, बृजमोहन यादव और जीवछ यादव ने विभाग एवं संवेदक पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।
शुरू किया मरम्मत कार्य
हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार की दोपहर से ही टूटे तटबंध की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। मौके पर विभागीय टीम कैंप कर रही है।
युद्धस्तर पर जारी है राहत काम
कार्यपालक अभियंता ब्रजेश कुमार निराला ने बताया कि एसडीओ एवं अन्य अधिकारियों की निगरानी में युद्धस्तर पर तटबंध मरम्मत कार्य किया जा रहा है। टूटे तटबंध को आज ही पूरी तरह से बांध लिया जाएगा।
