विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में ATM काटकर चोरी की घटनाओं में मेवात गैंग का हाथ, हरियाणा से 2 आरोपी गिरफ्तार 

Published: Sat, 10 Jan 2026 03:23 PM (IST)

राजनगर के नरकटिया में एटीएम काटकर 16 लाख रुपये चोरी के मामले में पुलिस ने मेवात गैंग के दो सदस्यों ...और पढ़ें

बिहार में एटीएम चोरी की वारदातें। फोटो जागरण

बिहार में एटीएम चोरी की वारदातें। फोटो जागरण

HighLights

  1. मेवात गैंग के दो सदस्य हरियाणा से गिरफ्तार।

  2. राजनगर एटीएम से 16 लाख रुपये की चोरी।

  3. मुख्य इनामी अपराधी अभी भी फरार, तलाश जारी।

संवाद सहयोगी, राजनगर। राजनगर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत नरकटिया स्थित पेट्रोल पंप के सामने स्थापित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम काटकर 16 लाख रुपए चोरी की वारदात का उद्भेदन कर दिया है।

पुलिस ने इस मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी राजनगर थाना पुलिस एवं जिला टेक्निकल सेल की छह सदस्यीय टीम ने हरियाणा के नूंह जिलांतर्गत पिनंगवा (मेवात) थाना क्षेत्र से की है।

छापेमारी में हरियाणा पुलिस के अलावा स्थानीय थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार, जिला टेक्निकल सेल के सदस्य सहित पुलिस बल शामिल थे। डीएसपी सदर- 2 मनोज राम ने उक्त मामले की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि राजनगर के नरकटिया स्थित एटीएम को काट कर 16 लाख नकद उड़ाए जाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस वारदात को अंजाम दिए जाने में वांछित मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया।

फरार अपराधी हरियाणा से गिरफ्तार कर लाए गए पिता-पुत्र के परिवार का ही सदस्य है। फरार मुख्य आरोपी इनामी अपराधी है। वो असम में एटीएम काट कर रुपए उड़ाने की वारदात में पूर्व में जेल जा चुका है।

पूरे देश में एटीएम काटने का करते हैं काम 

डीएसपी सदर- 2 मनोज राम ने बताया कि बेतिया, सोनपुर एवं मुजफ्फरपुर पुलिस ने भी राजनगर थाना पर हरियाणा से गिरफ्तार कर लाए गए मेवात गैंग के दोनों सदस्यों (आरोपियों) से पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि मेवात गैंग के सदस्य पहले एटीएम बदल कर नकद चोरी किए जाने का काम किया करते थे।

अब पूरे देश में एटीएम काट कर रुपए उड़ाए जाने का काम बेहद शातिराना तरीके से करते हैं। एक प्रश्न के जवाब में डीएसपी सदर- 2 मनोज राम ने बताया कि नरकटिया में एटीएम काट कर कैश चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने वाले अपराधियों ने काले रंग के चार पहिया वाहन से आकर कांड को अंजाम दिया था।

सीसीटीवी से मिला सुराग

इसका लीड सीसीटीवी फुटेज से मिला। फिर जिला टेक्निकल सेल से प्राप्त डंप डेटा में एक संदिग्ध मोबाइल नंबर पाया गया,जो जिस-जिस रास्ते से अपराधियों द्वारा उपयोग किया गया चार पहिया वाहन गुजरा उक्त मोबाइल नंबर का भी मूवमेंट पाया गया।

उक्त मोबाइल नंबर हरियाणा के मेवात का पाया गया। अंततः टेक्निकल सेल के फीडबैक के आधार पर हरियाणा में की गई छापेमारी के दौरान उक्त दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें- बेतिया में 7 कट्ठा जमीन के लिए भिड़े पट्टीदार, जमकर चले लाठी-डंडे; कई जख्मी

 

यह भी पढ़ें- विराट रामायण मंदिर: 2 साल में बना 36 फीट ऊंचा आधार पीठ, भूकंप के झटकों को सहने की क्षमता