बिहार में अदाणी व डालमिया के बाद अब जेके सीमेंट प्लांट का विरोध, मधुबनी में पुलिस से उलझे ग्रामीण
Bihar Cement Plant Protest: मधुबनी में जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट के निर्माण कार्य को रोकने के प्रयास में ग्रामीणों और ...और पढ़ें

लोहट औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री का विरोध करते ग्रामीण। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, पंडौल (मधुबनी)। Bihar Cement Plant Protest : बिहार में सरकार की ओर से पलायन रोकने के लिए औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नई कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। हालांकि, उद्योगों के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण को लेकर कई स्थानों पर ग्रामीणों का कड़ा विरोध भी देखने को मिल रहा है।
अदाणी, डालमिया के बाद जेके
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर प्रखंड स्थित बर्जी गांव में पहले अदाणी और डालमिया समूह की सीमेंट फैक्ट्री का विरोध हुआ था। अब ऐसा ही मामला मधुबनी जिले में जेके समूह की कंपनी जेके लक्ष्मी सीमेंट को लेकर सामने आया है। लोहट औद्योगिक क्षेत्र में निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री का निर्माण कार्य बाधित करने का प्रयास किया गया है।
पंडौल थाने में प्राथमिकी
निर्माण कार्य रोकने के लिए लाउडस्पीकर से प्रचार करने और पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पंडौल थाने में 23 नामजद और 35-40 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह कार्रवाई पंडौल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंद्रदीप ठाकुर के बयान पर बीएनएस धाराओं और बिहार लाउडस्पीकर अधिनियम के तहत हुई है।
लाउडस्पीकर से जुटा रहे थे भीड़
गश्ती पर निकली पुलिस को सूचना मिली थी कि कमलाबाड़ी के धांगड़ टोला में टेम्पू पर लाउडस्पीकर लगाकर लोगों को जुटाया जा रहा है। प्रचार के माध्यम से घेराबंदी तोड़ने और निर्माण कार्य बाधित करने का प्रयास किया जा रहा था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब टेम्पू चालक नवीन पाल से अनुमति पत्र मांगा, तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका।
पुलिस के साथ अभद्रता
पुलिस द्वारा टेम्पू जब्त करने के दौरान उदय मंडल, विनोद मंडल और किशोरी मंडल समेत 35-40 ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस बल के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और इसी बीच टेम्पू को मौके से भगा दिया गया।
पुलिस ने पूरी घटना का वीडियो क्लिप पेन ड्राइव में सुरक्षित कर प्राथमिकी के साथ संलग्न किया है। पंडौल थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी ने बताया कि बिना अनुमति लाउडस्पीकर बजाने और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मोतीपुर में भी विरोध
दूसरी ओर, मुजफ्फरपुर के मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में भी बियाडा द्वारा आवंटित भूमि पर सीमेंट फैक्ट्री लगाने का विरोध पहले हो चुका है। बर्जी गांव के प्रभावित रैयतों ने भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था।
