बिहार के मधुबनी में डायन को गाली दे रही वृद्धा की पड़ोसियों ने पीट-पीटकर ले ली जान
बिहार के मधुबनी जिले में नाम लिए बिना किसी डायन को गाली दे रही एक वृद्धा को पड़ोसियों ने पीटकर मार डाला। मृतका के स्वजनों ने पड़ोसियों पर एफआइआर दर्ज कराई है।
मधुबनी, जेएनएन। बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड अंतर्गत बेहट उत्तरी पंचायत के वार्ड नंबर-एक स्थित महादलित टोला में नाम लिए बिना किसी डायन को गाली दे रही एक वृद्धा को पड़ोसियों ने पीटकर मार डाला। वृद्धा की पहचान स्व.अर्जुन सदाय की पत्नी पुरनी देवी (60) के रूप में की गई है। घटना के बाद आरोपित फरार हैं।
पड़ोसियों के खिलाफ नामजद एफआइआर
इस संबंध में वृद्धा के पुत्र रामलोचन सदाय ने पुलिस को आवेदन दिया है। इसमें उन्होंने पड़ोस की डोमनी देवी, सतनी देवी, सावित्री देवी के अलावा सियाराम सदाय, अरुण सदाय और हरेराम सदाय को आरोपित किया है।
पड़ोस की महिलाओं ने ली जान
वृद्धा के पुत्र के मुताबिक, पुरनी देवी शुक्रवार देर शाम घर के सामने बैठकर स्वास्थ्य ठीक कर देने के लिए भगवान को धन्यवाद दे रही थी और साथ ही किसी अज्ञात डायन को गाली भी दे रही थी। इससे नाराज होकर हरेराम सदाय की पत्नी डोमनी देवी, अरुण सदाय की पत्नी सतनी देवी और सियाराम सदाय की पत्नी सावित्री देवी वहां पहुंची और गाली देने से मना करने लगी। लेकिन, वृद्धा ने विरोध करते हुए कहा कि वह गाली देने में किसी का नाम नहीं ले रही है। इसके बाद तीनों महिलाएं वृद्धा की पिटाई करने लगी।
पहले से विवाद होने की बात भी आई सामने
इस दौरान तीनों के पति उकसा रहे थे। इस बीच पुरनी देवी की मौत हो गई। इसके बाद सभी भाग निकले। बताया गया कि आरोपितों का पहले से वृद्धा से विवाद चल रहा था। थानाध्यक्ष केपी सिंह ने कहा कि जानकारी मिली है कि कुछ माह पूर्व वृद्धा की तबीयत खराब हुई थी। किसी ओझा से झाड़फ़ूंक कराने के बाद ठीक हो गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पड़ोस की डोमनी देवी, सतनी देवी, सावित्री देवी के अलावा सियाराम सदाय, अरुण सदाय और हरेराम सदाय को आरोपित किया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।