रांटी ड्योढ़ी की जमीन पर कब्जा में 53 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट
मधुबनी। राजनगर अंचल क्षेत्र की रांटी ड्योढ़ी की करोड़ों की जमीन पर कब्जा करने के मामले में प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिया है।
मधुबनी। राजनगर अंचल क्षेत्र की रांटी ड्योढ़ी की करोड़ों की जमीन पर कब्जा करने के मामले में प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिया है। इस मामले में कुल 83 लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई शुरू की गई है। इसमें 53 लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। वहीं 30 लोगों से बंध पत्र लिया गया है। साथ ही जमीन खाली करने का भी आदेश दिया गया है।
एसडीओ द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्रुतिधारी सिंह की जमीन पर पिछले दिनों माकपा द्वारा लाल झंडा गाड़कर कब्जा कर लिया गया था। यहां झोपड़ी भी बना दी गई थी। तनाव को देखते हुए मामले में सीओ व थानाध्यक्ष से रिपोर्ट मांगी गई। इस आधार पर धारा 107 व 144 के तहत कार्रवाई शुरू की गई। 30 लोगों ने जमीन खाली करने का वादा किया। सभी से बंध पत्र भरवाया गया है। वहीं 53 लोगों के खिलाफ वारंट जारी कर राजनगर थानाध्यक्ष को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। थानाध्यक्ष की ओर से कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है। इसके अलावा सतत निगरानी रखने को कहा गया है।
इसके अलावा रहिका के सु्दरपुर भिट्ठी में भाकपा माले की ओर से जमीन पर लाल झंडा गाड़ दिया गया। इस मामले में भी एसडीओ ने प्राथमिक दर्ज करने का आदेश दिया। वहीं रैयत व माले के नेताओं से वार्ता की गई। इसमें माले के प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह व नेता ध्रुव नारायण कर्ण ने कहा कि रैयत जमीन पर कब्जा से मनाही है। उन्होंने 24 घंटे का समय मांगा है। साथ ही रैयत जमीन खाली करने की बात कही है। यहां भी सीओ व थानाध्यक्ष को सतत निगरानी रखने को कहा गया है। साथ ही रहिका में भूमिहीन पर्चाधारियों का सर्वे कर पर्चा निर्गत करने का निर्देश दिया गया है।