एबीवीपी के प्रदेश मंत्री पर जानलेवा हमले से छात्रों में उबाल
मधुबनी। आरके कॉलेज में बुधवार को छात्र संघ के चुनाव के लिए मतदान कराया गया। शांतिपूर्ण माहौल में भयमुक्त स्वच्छ एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया गया था। मगर मतदान के दौरान आखिरकार दो गुटों के समर्थकों में हिसक झड़प हो ही गई।
मधुबनी। आरके कॉलेज में बुधवार को छात्र संघ के चुनाव के लिए मतदान कराया गया। शांतिपूर्ण माहौल में भयमुक्त, स्वच्छ एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया गया था। मगर, मतदान के दौरान आखिरकार दो गुटों के समर्थकों में हिसक झड़प हो ही गई। यह झड़प आरके कॉलेज गेट के बाहर मधुबनी-रहिका मुख्य पथ पर हुई। इसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री एवं लनामिविवि, दरभंगा के सिनेट सदस्य तथा आरके कॉलेज के स्नातकोत्तर के छात्र सुजीत पासवान जख्मी हो गए। हमलावरों ने चाकू से हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। वे राजनगर थाना क्षेत्र के कसौनिया निवासी एवं पूर्व मुखिया हीरालाल पासवान के पुत्र हैं। इनके माता एवं पिता दोनों करहिया पूर्वी पंचायत के मुखिया रह चुके हैं। सुजीत के पिता भाजपा नेता भी हैं।
सुजीत पासवान पर जानलेवा हमले से अभाविप कार्यकर्ता उबल पड़े। हमलावरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार करने की मांग को लेकर नगर थाना में जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन एवं नारेबाजी करते हुए नगर थाना में ही धरने पर बैठ गए। विद्यामंदिर में गुंडागर्दी नहीं चलेगी, विद्या मंदिर में गुंडागर्दी बंद करो, निर्दोषों पर हमला बंद करो, हमलावरों को गिरफ्तार करो आदि नारे लगा रहे थे। मांगों के समर्थन में किए जा रहे आंदोलन में अभाविप के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विष्णु विज्ञान झा व सौरभ कुमार, विभाग संयोजक राकेश साहु, जिला संयोजक अशोक कुशवाहा, राजीव पासवान, अजय कुमार, ध्रुव शर्मा, कृष्णा कुमार यादव, रोहित झा समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे।
माहौल को शांत करने में नगर थाना पुलिस काफी मशक्कत करती रही। मगर, आक्रोशित कार्यकर्ता मांगों के समर्थन में आंदोलन पर डटे रहे। यहां तक कि नगर थाना परिसर में ही धरने पर बैठ गए। आंदोलनकारी का कहना था कि जब तक हमलावरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक वे धरने पर बैठे रहेंगे। इस घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ कामिनी बाला भी आक्रोशित कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत करने के लिए नगर थाना पहुंचीं। नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अरविद कुमार, सदर इंस्पेक्टर देवेन्द्र कुमार यादव, बाबूबरही थानाध्यक्ष संजय कुमार समेत सदर अनुमंडल क्षेत्र के कई थानों के थानाध्यक्ष, सशस्त्र बल, पैंथर सिपाही भी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाने में कैंप करने लगे। इस दौरान नगर थाना परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। नगर थाना के सीसीटीवी में यह सब कैद हो गया। सदर एसडीपीओ द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं का गुस्सा थोड़ा शांत हुआ। लेकिन, वे हमलावरों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। एसडीपीओ ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आरके कॉलेज छात्र संघ के चुनाव का मतगणना गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जाएगी। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। मतगणना को लेकर की गई सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सभी इंतजाम एवं प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। ताकि, शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष एवं स्वच्छ मतगणना संपन्न हो सके। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि इस मामले में किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान नहीं दें। उन्होंने यह भी कहा कि अफवाह फैलाने वालों, असामाजिक, शरारती व उपद्रवी तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।