5100 बोतल शराब व 14 बाइक जब्त, चार गिरफ्तार
मधुबनी। हरलाखी थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के नजदीक गुरुवार सुबह शराब माफियाओं के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है।
मधुबनी। हरलाखी थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के नजदीक गुरुवार सुबह शराब माफियाओं के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 51 सौ बोतल शराब और 14 बाइक जब्त करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया। हालांकि, मौके से कई तस्कर फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार तस्करों की पहचान थाना क्षेत्र के मांगपट्टी गांव निवासी मनोज कुमार यादव, बेला टोल का एक नाबालिग, हुकुमदेव यादव व कलुआही थाना क्षेत्र के नरार निवासी बिरजू कुमार यादव के रूप में हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही हरलाखी थाना पर बेनीपट्टी सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता की। बताया कि सभी बाइक सवार नेपाल से बाइक पर शराब लेकर गम्हरिया गांव के रास्ते भारतीय सीमा में प्रवेश किए थे। इसकी सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में एसआइ विनय शर्मा, एएसआइ धर्मेन्द्र कुमार, शिवजी सिंह व नीरज चौबे ने अन्य पुलिस बल के साथ गम्हरिया ब्रम्हस्थान के नजदीक पहले से तैनात हो गए। पुलिस को देख सभी तस्कर बाइक व शराब छोड़कर भागने लगे। मगर, पुलिस बल के सहयोग से चार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अन्य बाइक सवार भागने में सफल हो गए। पुलिस ने चार नामजद व अन्य अज्ञात बाइक सवार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं पूर्व के शराब कांड में नामजद एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया है। यहां गिरफ्तार तस्कर की पहचान फुलहर गांव निवासी अमित मुखिया के रूप में हुई है।