20 करोड़ से 56 पंचायतों की बुझेगी प्यास
मधुबनी। जिले के लोगों को पेयजल योजना का लाभ देने के लिए पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग) भी तत्पर है। मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना के तहत विभाग ने लगभग 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
मधुबनी। जिले के लोगों को पेयजल योजना का लाभ देने के लिए पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग) भी तत्पर है। मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना के तहत विभाग ने लगभग 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इन योजनाओं के क्रियान्वयन की स्वीकृति राज्य सरकार ने भी दे दी है। इसके अलावा भी पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा के सौजन्य से विभाग द्वारा कई नई योजनाओं को मंजूरी मिली है।
मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना के तहत हर घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए जिले के सभी 21 प्रखंडों की 399 में से 56 पंचायतों का इस योजना के लिए चयन किया गया है। शेष 343 पंचायत के वार्डो में पंचायती राज विभाग द्वारा हर घर जल योजना से काम होगा। पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि जिले के 56 पंचायतों के 792 वार्डो में पेयजल योजना की व्यवस्था विभाग को करना है। प्रत्येक चयनित वार्डो में चिह्नित परिवार को जल पहुंचाने के लिए एक वार्ड पर इस योजना में लगभग 35 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। विभाग द्वारा इन सभी चयनित योजनाओं को अगले वर्ष मार्च तक पूरा करना है। निबंधित संवेदकों को कार्य सौंपा गया है। वर्ष 2018-19 में मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना का आवंटन यहां प्राप्त हुआ।
छोटे जलमीनार से होगी पेयजलापूर्ति
पंचायती राज व्यवस्था से अलग पीएचईडी को यहां विशेष रूप से योजना मिली है। इस योजना में गांव में छोटे जल मीनार के साथ घरों में जलापूर्ति की जाएगी। इसके लिए तेजी से काम चल रहा है। विभाग ने योजनाओं में मानक का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया है। कुल 792 वार्डो में एक भी घर नहीं छूटे। इसके लिए समय-समय पर विभागीय पर्यवेक्षण भी किया जाना है। वर्तमान में 550 वार्डो में कार्य शुरू कर दिया गया है। मगर, इसकी गति अभी धीमी है। कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि संवेदकों को राशि आवंटित किए जा रहे हैं। समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है।