खेत में आग लगने से 10 कट्ठे की तैयार गेहूं की फसल राख
मधुबनी। हरलाखी प्रखंड के हाट परसा गांव में एक खेत में आग लगने से करीब 10 कट्ठे की गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई।
मधुबनी। हरलाखी प्रखंड के हाट परसा गांव में एक खेत में आग लगने से करीब 10 कट्ठे की गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। इससे पीड़ित किसान सदमे में हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की बताई गई है। आग लगने से ह•ारों रुपये की तैयार गेहूं जल कर नष्ट होने की बात कही जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी प्रेम कुमार व पंकज कुमार ने बताया कि पीड़ित किसान भोगी महतो के खेत में अचानक आग लगी। आग की लपट इतनी तेज थी कि लोग भयभीत हो गए। आग की लपटें तेजी से खेत में फैल रही थीं। थाना में अग्निशमन वाहन के लिए फोन भी किया गया। लेकिन, कोई नहीं पहुंचा। देखते-देखते आग की लपटें करीब 10 कट्ठे की गेहूं को जलाकर राख कर दी। किसी तरह गांव के लोगों ने आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पीड़ित किसान ने बताया कि फसल तैयार हो चुकी थी। लॉकडाउन के कारण फसल काटने के लिए मजदूर नहीं मिल रहे थे। इसी बीच अगलगी की घटना हो गई। गांव के लोगों ने पीड़ित किसान के फसल नष्ट होने को लेकर प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। सीओ शशिभूषण प्रसाद सिंह ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद क्षति का आकलन कर मुआवजे के लिए पहल की जाएगी।