एक लाख 20 हजार घूस लेते मुखिया रंगेहाथ गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला
निगरानी विभाग ने मधेपुरा जिले के एक मुखिया को एक लाख 20 हजार घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। उसे पटना स्थित निगरानी अदालत में पेश किया जायेगा।
मधेपुरा [जेएनएन]। निगरानी ब्यूरो की टीम ने बिहार के मधेपुरा जिले के धैलाढ़ पंचायत के मुखिया अनंत प्रसाद मंडल को एक लाख 20 हजार रुपया घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। वह सात निश्चय योजना के तहत किेये गए कार्य की शेष राशि का चेक देने के लिए घूस ले रहा था।
जानकारी के अनुसार, परिवादी बद्री सादा ने आरोप लगाया था कि मुखिया अनंत प्रसाद मंडल सात निश्चय योजना के तहत किये गए कार्य की शेष राशि का चेक देेने के लिए एक लाख 93 हजार रुपया रिश्वत की मांग कर रहा था। ब्यूरो द्वारा इस आरोप का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के क्रम में अनुरोध करने पर मामला एक लाख 20 हजार रुपये पर तय हुआ।
आरोप सही पाये जाने के पश्चात उपरोक्त कांड अंकित कर ट्रैप की कार्रवाई करने हेतु पुलिस उपाधीक्षक महाराज कनिष्क कुमार के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया। धावा दल ने कार्रवाई करते हुए अनंत प्रसाद को घूस लेते धैलाढ़ प्रखंड कार्यालय से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को पूछताछ के बाद पटना स्थित निगरानी अदालत में उपस्थित किया जायेगा।