सूटबूट की सरकार का पतन निश्चित : भाकपा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने कहा कि पांच राज्यों में विपक्षी दलों को मिली अप्रत्याशित जीत से 2019 लोकसभा चुनाव में लोकशाही की जीत एवं तानाशाही की हार निश्चित है। भाजपा विरोध किया।
मधेपुरा। देश के पांच राज्यों में भाजपा को मिली हार पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य एवं मधेपुरा जिला विपक्षी समन्वय सह संघर्ष समिति के संयोजक प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि देश की जनता ने भाजपा को सबक सिखाया है। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि पांच राज्यों में विपक्षी दलों को मिली अप्रत्याशित जीत से 2019 लोकसभा चुनाव में लोकशाही की जीत एवं तानाशाही की हार निश्चित है। पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद लूट, झूठ एवं सूट-बूट की सरकार की बुरी तरह हार हुई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की भाजपा नीति ने सभी संवैधानिक अधिकारों को खत्म कर देश में सांप्रादायिक जहर घोलकर जनता को ठगने का काम किया है। लेकिन देश की जनता ने उसे विधानसभा चुनाव में अच्छा सबक सिखाया है। साथ ही उन्होंने सपा और बसपा प्रमुख को कांग्रेस सरकार का समर्थन देने के लिए बधाई दिया है।
वहीं राजस्थान एवं छतीसगढ़ में कम्युनिस्ट पार्टी के विजयी विधायक को बधाई देते हुए कहा कि सदन में किसान और मजदूर के समर्थन में आवाज उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा के विजयी रथ को रोकते हुए संपूर्ण विपक्षी दल के समर्थन से प्रगतिशील एवं धर्मनिरपेक्ष जनता में नई ऊर्जा प्रदान की है।