विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधेपुरा में दर्दनाक हादसा! पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बालकों की मौत, नाना के घर आए बच्चे की भी गई जान

Published: Fri, 09 Oct 2026 05:00 PM (GMT+05:30)

मधेपुरा के आलमनगर में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इनमें एक ...और पढ़ें

मधेपुरा के रतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत लुटना टोला में शोक में स्‍वजन।

मधेपुरा के रतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत लुटना टोला में शोक में स्‍वजन।

HighLights

  1. मधेपुरा के आलमनगर में दो मासूम बच्चे पानी में डूबकर मरे।

  2. गहरे पानी भरे गड्ढे में फिसलने से हुई दर्दनाक मौत।

  3. एक स्थानीय, दूसरा खगड़िया से ननिहाल आया, दोनों की मौत।

संवाद सूत्र, आलमनगर (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड अंतर्गत रतवारा थाना क्षेत्र के लुटना टोला में शुक्रवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास खेलते समय पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में एक स्थानीय बालक और दूसरा खगड़िया जिले से ननिहाल आया उसका ममेरा/फुफेरा भाई शामिल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और दोनों परिवारों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चारों ओर फैला है बाढ़ का पानी

मृतक बच्चों की पहचान गंगापुर पंचायत के लुटना टोला निवासी जागो पटेल के छह वर्षीय पुत्र खगेश कुमार और खगड़िया जिले के बैसाबैसी गांव निवासी उचो यादव के नौ वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि प्रिंस कुछ ही दिन पहले अपने नाना के घर लुटना टोला घूमने आया हुआ था।

खेलते समय गहरे पानी में फिसले

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच दोनों बच्चे घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों सड़क किनारे पानी से भरे एक बड़े गड्ढे के समीप चले गए। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में समा गए।

बचाने से पहले ही थमी सांसें

काफी देर तक जब बच्चों की आवाज नहीं आई और पास से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर पानी में उतराते कपड़ों पर पड़ी, तो उन्होंने शोर मचाया। स्थानीय तैराकों और ग्रामीणों ने फौरन पानी में छलांग लगाकर दोनों मासूमों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अत्यधिक पानी पेट में चले जाने और दम घुटने से दोनों की सांसें थम चुकी थीं।

उफान पर है कोसी नदी

घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित हरजोड़ा घाट पर इन दिनों कोसी नदी की जलधारा पूरे उफान पर बह रही है। नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव के आसपास के निचले इलाकों और गड्ढों में कई फीट गहरा पानी भर गया है। रास्तों के किनारे बने ऐसे गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही रतवारा थाने की पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। एक साथ दो मासूमों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।