शादी के बाद कोचिंग शिक्षक ने वायरल किया छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो; मधेपुरा में परिजनों ने कमरे में बंद कर पकड़ा
मधेपुरा में एक कोचिंग शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो वायरल किए, जिससे उसकी शादीशुदा जिंदगी में तनाव आ ...और पढ़ें

बिहारीगंज के सरौनी कला का मामला; छात्रा के पति को भेजे आपत्तिजनक फोटो और वीडियो, फिर इंस्टाग्राम पर किए पोस्ट
HighLights
कोचिंग शिक्षक ने छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो बनाए।
शादी के बाद वीडियो वायरल कर पति को भेजे।
परिजनों ने शिक्षक को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
संवाद सूत्र, बिहारीगंज (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में गुरु और शिष्या के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव में निजी कोचिंग सेंटर चलाने वाले एक शिक्षक ने नाबालिग छात्रा का झांसा देकर आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिया। इसके बाद जब छात्रा की शादी हो गई, तो आरोपित ने बदले की नीयत से उन निजी तस्वीरों व वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया और पीड़िता के पति के मोबाइल पर भी भेज दिया।
इस मामले में पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर बिहारीगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित शिक्षक मिथलेश मुखिया (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
कोचिंग के दौरान बनाए थे निजी वीडियो
जानकारी के अनुसार, बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्वालपाड़ा प्रखंड की सरौनी कला पंचायत निवासी विनोद मुखिया का पुत्र मिथलेश मुखिया गांव में ही आठवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए कोचिंग सेंटर चलाता है। पीड़िता कक्षा छह से आठ तक उसी के कोचिंग सेंटर में पढ़ती थी।
शादी के बाद करने लगा ब्लैकमेल
इसी दौरान शिक्षक ने झांसा देकर अपने मोबाइल में छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए। बाद में जब वह छेड़छाड़ करने लगा, तो छात्रा ने करीब एक साल पहले कोचिंग जाना छोड़ दिया। छात्रा द्वारा परिजनों को आपबीती बताए जाने पर बदनामी के डर से परिजनों ने उसकी शादी पूर्णिया जिले में कर दी।
पति को भेजे वीडियो और इंस्टाग्राम पर किए वायरल
छात्रा की शादी हो जाने के बाद आरोपित शिक्षक बौखला गया। उसने छात्रा के वैवाहिक जीवन को बर्बाद करने की नीयत से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो प्रसारित कर दिए।
इसके बाद उसने छात्रा के पति के मोबाइल पर भी वे वीडियो भेज दिए और मैसेज के जरिए धमकियां देने लगा। इससे छात्रा के ससुराल में विवाद की स्थिति बन गई और पीड़िता गंभीर मानसिक तनाव में आ गई।
परिजनों ने कमरे में बंद कर पुलिस के हवाले किया
पति को वीडियो भेजे जाने और रिश्तों में दरार आने की जानकारी जब पीड़िता ने अपने मायके वालों को दी, तो परिजनों ने आरोपित को सबक सिखाने की योजना बनाई। परिजनों ने गुरुवार को आरोपित शिक्षक मिथलेश मुखिया को बातचीत के बहाने घर बुलाया।
जैसे ही वह घर पहुंचा, परिजनों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और तुरंत बिहारीगंज थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपित को हिरासत में ले लिया।
न्यायालय में दर्ज कराया गया पीड़िता का बयान: थानाध्यक्ष
बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर आरोपित शिक्षक मिथलेश मुखिया को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपित का मोबाइल फोन भी जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता का सक्षम न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज करा दिया गया है। कोर्ट के निर्देशानुसार आरोपित के खिलाफ आईटी एक्ट और पॉक्सो (POCSO) सहित अन्य सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
