मधेपुरा में काल बनी रफ्तार! उदाकिशुनगंज में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक साथ उठीं अर्थियां तो रो पड़ा गांव
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में एनएच 106 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों, उदय और नवीन शर्मा, की मौके ...और पढ़ें

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत के बाद गांव में पसरा मातमी सन्नाटा और स्वजनों को ढांढस बंधाते लोग।
HighLights
मधेपुरा में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत।
उदय और नवीन शर्मा की एक साथ निकली अर्थी।
दोनों मृतक अपने पीछे छोटे बच्चे छोड़ गए।
संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। Madhepura Road Accident Two: उदाकिशुनगंज प्रखंड की मधुबन पंचायत के शर्मा टोला वार्ड संख्या नौ से सोमवार को दो युवकों की अर्थी एक साथ निकली। यह दृश्य देखकर लोगों की आंखें नम पड़ गईं। हर किसी की आंखें नम थीं और हर चेहरा गमगीन था।
बरबस लोगों की जुबां से एक ही शब्द निकल रहा था—'हे भगवान, अनर्थ हो गया।' पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा था और सांत्वना देने के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहा। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि प्रीतम मंडल ने हादसे पर अफसोस जताते हुए गहरी संवेदना जाहिर की।
मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज प्रखंड अंतर्गत एनएच 106 पर बाड़ाटेनी गांव के समीप रविवार रात हुआ भीषण सड़क हादसा
मधुबन पंचायत के शर्मा टोला निवासी उदय कुमार शर्मा (25) और नवीन कुमार शर्मा (28) की मौके पर ही दर्दनाक मौत
मृतकों की जेब में मिले मोबाइल के जरिए पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर कराई शिनाख्त; अज्ञात वाहन की तलाश जारी
सोमवार को गांव से एक साथ निकली दोनों युवकों की अर्थी, मासूम बच्चों और रोते-बिलखते परिजनों को देख हर आंख हुई नम
बताते चलें कि रविवार की रात एनएच 106 पर बाड़ाटेनी गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों युवकों का सिर क्षत-विक्षत हो गया था और शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म थे।
मृतकों की पहचान मधुबन पंचायत के शर्मा टोला निवासी राजेश कुमार शर्मा के पुत्र उदय कुमार शर्मा (25) और सिकंदर शर्मा के पुत्र नवीन कुमार शर्मा (28) के रूप में हुई।
मोबाइल से हुई थी मृतकों की शिनाख्त, गांव पहुंचते ही उमड़ी भीड़
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मिले मोबाइल से स्वजनों से बात कर पहचान कराई, जिसके बाद स्वजन भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो पाई है।
आशंका जताई जा रही है कि आगे से आ रहे वाहन की चपेट में आने से बचने के दौरान बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकरा गई। सोमवार को दोनों युवकों का शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोग स्वजनों को ढांढस बंधाने में लगे रहे।
मासूम बेटियों के सिर से उठा साया, डेढ़ माह पूर्व ही पिता बने थे उदय
हादसे में जान गंवाने वाले नवीन कुमार शर्मा दो भाइयों में बड़े थे। करीब छह साल पहले उनकी शादी हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं—बड़ी बेटी पांच साल तथा छोटी बेटी दो साल की है। कम उम्र में बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
छोटी-छोटी बेटियां पिता को निहार रही थीं, मानो ऐसा लग रहा था कि उनके पिता गहरी नींद में सोए हों। दोनों बच्चियों को देख लोगों का दिल पसीज रहा था और युवक की मौत के बाद पत्नी व बच्चों की परवरिश को लेकर स्वजनों की चिंता बढ़ गई है।
वहीं दूसरे मृतक उदय कुमार शर्मा भी दो भाइयों में सबसे बड़े थे और उन्हीं के कंधे पर परिवार चलाने की जिम्मेदारी थी। उनकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी और वे डेढ़ माह पहले ही पिता बने थे। उन्हें एक डेढ़ माह का बेटा तथा डेढ़ साल की एक बेटी है।
