मधेपुरा मेडिकल कॉलेज से 5वीं मंजिल की ग्रिल तोड़ भागे 2 कैदी; चादर से बनाई रस्सी और फिल्मी स्टाइल में लगाई छलांग
Madhepura Medical College Prisoner Escape: मधेपुरा के जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से बुधवार तड़के दो कैदी फिल्मी अंदाज ...और पढ़ें

Madhepura Medical College Prisoner Escape: 5वीं मंजिल से बेडशीट की रस्सी बनाकर भागे दो कैदी। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मधेपुरा अस्पताल से दो कैदी फिल्मी अंदाज में फरार।
चादर की रस्सी बनाकर पांचवीं मंजिल से नीचे उतरे।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों को दबोचा।
संवाद सूत्र, सिंहेश्वर (मधेपुरा)। Madhepura Medical College Prisoner Escape: मधेपुरा स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर (जेएनकेटी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के कैदी वार्ड से बुधवार तड़के दो उपचाराधीन बंदी फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। इस घटना से अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों कैदियों ने अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित वार्ड की ग्रिल का पाइप तोड़ा और बिस्तरों की चादरों (बेडशीट) को आपस में बांधकर रस्सी बनाई। इसके सहारे वे पांचवीं मंजिल से नीचे उतरकर भाग निकले।
घटना बुधवार अलसुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। सुरक्षाकर्मियों को जैसे ही भनक लगी, तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया। सिंहेश्वर थाना पुलिस ने फौरन विशेष टीम गठित कर घेराबंदी की और कुछ ही घंटों के भीतर दोनों बंदियों को अलग-अलग ठिकानों से पुनः गिरफ्तार कर लिया।
11 दिन से भर्ती था जुगनू, आज ही होना था ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, शंकरपुर प्रखंड के मधेली बाजार (वार्ड संख्या 12) निवासी मो. कलाम का पुत्र मो. इस्लाम उर्फ मो. जुगनू पिछले 11 दिनों से जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज के कैदी वार्ड में इलाजरत था। चिकित्सकों ने बुधवार को ही उसके ऑपरेशन का समय तय किया था।
वहीं, दूसरा कैदी सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के जजहट सबैला पंचायत (वार्ड संख्या पांच) निवासी अमुन हजर का पुत्र मो. हजर उर्फ अब्बु हजर था, जिसे सोमवार को ही उपचार के लिए जेल से मेडिकल कॉलेज लाया गया था। दोनों ने मिलकर सुरक्षा में सेंध लगाने की पूरी साजिश रची और तड़के मौका पाकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बहन के घर से दबोचा गया मुख्य कैदी
कैदियों के भागने की सूचना मिलते ही सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। सिंहेश्वर थाना के सब-इंस्पेक्टर (एसआइ) रोशन कुमार ने पुलिस बल के साथ गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी शुरू की।
पुलिस ने मो. जुगनू को कुमारखंड प्रखंड के टेंगराहा स्थित उसकी बहन के घर से धर दबोचा, जहां वह छिपने की फिराक में था। वहीं, दूसरे कैदी मो. हजर उर्फ अब्बु हजर को शंकरपुर प्रखंड के चौरा गांव से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच सिंहेश्वर थाना लेकर आई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, होगी जांच
अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर विशेष सुरक्षा घेरे के बीच स्थित कैदी वार्ड से ग्रिल काटकर और चादर की रस्सी के सहारे भागने की इस घटना ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षा गार्डों की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने दोनों कैदियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को कुछ ही घंटों में दबोच लिया है। मामले में सुरक्षा में हुई चूक की विभागीय जांच कराई जा रही है तथा दोनों बंदियों के विरुद्ध अभिरक्षा से भागने की नई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
