Madhepura Road Accident : NH-106 पर ट्रैक्टर और दो बाइकों की भीषण टक्कर, सहरसा के 2 युवकों की मौत व 2 घायल
मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र में NH-106 पर ट्रैक्टर और दो बाइकों की भीषण टक्कर में सहरसा जिले के दो ...और पढ़ें

मधेपुरा में NH-106 पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात ट्रैक्टर ने दो बाइकों को रौंदा, सहरसा के दो युवकों की मौत; इलाके में मचा कोहराम
HighLights
मधेपुरा में NH-106 पर ट्रैक्टर-बाइक की भीषण टक्कर।
सहरसा जिले के दो युवकों की दर्दनाक मौत हुई।
हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए।
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन चौक पर रविवार की रात करीब 7:20 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-106) पर ट्रैक्टर और दो बाइकों के बीच हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में से एक की नाजुक स्थिति को देखते हुए जननायक कर्पूरी ठाकुर (जेएनकेटी) मेडिकल कॉलेज से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। चारों युवक दो बाइकों पर सवार थे।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान पड़ोसी सहरसा जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र अंतर्गत धबौली निवासी संतोष कुमार राम के 25 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार और दीप नारायण मंडल के 18 वर्षीय पुत्र बुधन कुमार के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने सौरभ को सदर अस्पताल में और बुधन को मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों में एक की पहचान सहरसा निवासी मदन कुमार के रूप में हुई है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दूसरे घायल की पहचान नहीं हो सकी है, जिसे परिजन मेडिकल कॉलेज से किसी अन्य निजी अस्पताल ले गए हैं।
सुनसान मोड़ पर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना मधुबन चौक से आगे सहरसा जाने वाली मोड़ के समीप एक सुनसान इलाके में हुई। एनएच-106 पर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर दोनों बाइकों को जोरदार टक्कर मारते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार चारों युवक छिटककर सड़क पर जा गिरे।
टक्कर मारकर ट्रैक्टर फरार
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। भर्राही थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लहूलुहान पड़े चारों युवकों को तत्काल सदर अस्पताल मधेपुरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अन्य तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया गया, जहां दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया।
दो बाइक जब्त, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही भर्राही थाने की पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों (बीआर 43 एन 7089 और बीआर 19 जेड 3151) को जब्त कर थाने ले आई।
"एनएच-106 पर चार युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़े मिले थे, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है। दोनों बाइकों की आपस में टक्कर हुई थी या किसी ट्रैक्टर अथवा अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है, पुलिस सभी तकनीकी व प्रत्यक्षदर्शी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन छानबीन कर रही है।"
