फोन कर बोली- पापा तुरंत आ जाइए, पहुंचने से पहले उजड़ गई अंशु की दुनिया, मधेपुरा में ससुराल वाले फरार
Madhepura Alamnagar Bhamarpur Tola Newlywed Suspicious Death: मधेपुरा के आलमनगर में चार माह पहले ब्याही नवविवाहिता अंशु कुमारी का शव ...और पढ़ें

Madhepura Alamnagar Bhamarpur Tola Newlywed Suspicious Death: आलमनगर के भमरपुर टोला में नवविवाहिता की मौत।
HighLights
नवविवाहिता अंशु कुमारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में मिला।
मायके वालों ने सास-ससुर पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया।
घटना के बाद से ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए।
संवाद सूत्र, आलमनगर (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र स्थित इटहरी पंचायत के भमरपुर टोला में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज चार महीने पहले ब्याही गई एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल के आंगन में बरामद किया गया।
मृतका के गले पर फंदे के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग मकान में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। मृतका की पहचान भमरपुर टोला निवासी गुड्डू कुमार की 20 वर्षीया पत्नी अंशु कुमारी के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौसा थाना क्षेत्र के अरजपुर गांव निवासी भावेश मंडल की पुत्री अंशु कुमारी का विवाह चार माह पूर्व भमरपुर टोला निवासी सुधीर मंडल के पुत्र गुड्डू कुमार के साथ हुआ था। शादी के महज एक महीने बाद ही पति गुड्डू परिवार के भरण-पोषण के लिए पंजाब मजदूरी करने चला गया था।
मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत इटहरी पंचायत के भमरपुर टोला में नवविवाहिता अंशु कुमारी (20) का संदिग्ध शव बरामद
महज चार माह पूर्व हुई थी शादी; दो माह पहले ही रोजगार की तलाश में पंजाब गया था मृतका का पति गुड्डू कुमार
मायके पक्ष ने सास-ससुर पर प्रताड़ना और हत्या का लगाया आरोप; घटना के बाद से घर छोड़कर फरार हुए ससुराल वाले
प्रभारी थानाध्यक्ष हुस्न आरा पुलिस बल और फॉरेंसिक (FSL) टीम के साथ मौके पर पहुंचीं; फंदा जब्त कर शव को भेजा पोस्टमार्टम
घर पर मृतका अपनी सास और ससुर के साथ रह रही थी। मायके वालों का गंभीर आरोप है कि शादी के बाद से ही सास-बहू के बीच मोबाइल पर बात करने को लेकर अक्सर अनबन और प्रताड़ना का दौर चलता रहता था।
'फोन कर बोली- पापा तुरंत आ जाइए', पहुंचने से पहले उजड़ गई दुनिया
मृतका के पिता भावेश मंडल ने बताया कि मंगलवार की सुबह भी मोबाइल पर किसी से बात करने को लेकर सास द्वारा उनकी बेटी को काफी प्रताड़ित किया गया था। सुबह करीब 10 बजे अंशु ने रोते हुए अपने पिता को फोन किया और कहा कि पापा, सास-ससुर मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं, आप लोग तुरंत आ जाइए।
परिजनों का कहना है कि जब तक वे भागते हुए अरजपुर से भमरपुर पहुंचे, तब तक उनकी बेटी की हत्या की जा चुकी थी। मायके वालों ने आरोप लगाया कि साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों और पुलिस की भनक मिलते ही ससुराल वाले फरार हो गए।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही आलमनगर की प्रभारी थानाध्यक्ष हुस्न आरा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल पर वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया गया। पुलिस ने मृतका के गले में इस्तेमाल किया गया फंदा और अन्य साक्ष्य एकत्र कर सील कर दिए हैं।
प्रभारी थानाध्यक्ष हुस्न आरा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की जांच के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। मृतका के मायके पक्ष से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
