मधेपुरा में साले-बहनोई का अपहरण, 2.5 घंटे में पुलिस ने किया रेस्क्यू, 2 किडनैपर गिरफ्तार
मधेपुरा में कॉलेज चौक से मनोहर कुमार और उनके बहनोई करण कुमार का अपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगी ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में दोनों किडनैपर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मधेपुरा। जिला मुख्यालय स्थित कॉलेज चौक से शनिवार दोपहर को मनोहर कुमार व उसके बहनोई सुपाैल जिला निवासी करण कुमार का अपहरण कर लिया गया। अपहृत के ही मोबाइल से 50 हजार की फिरौती की मांग की जा रही थी।
शनिवार शाम को अपहरण की खबर मिलने पर एसपी संदीप सिंह ने एएसपी प्रवेंद भारती के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम गठित की। सूचना मिलते ही महज ढ़ाई घंटे के अंदर पुलिस ने जाल बिछाया और अपहरणकर्ता को फिरौती के लिए बुला लिया।
फिरौती की रकम लेने पहुंचे ज्योतिष कुमार को दबोचा गया और उसी की निशानदेही पर दूसरे अपहरणकर्ता सोनू कुमार को भी गिरफ्तार करते हुए दोनों अपहृत को मुक्त कराया गया।
गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं ने पुलिस की पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
रविवार दोपहर को अपर पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र भारती ने कहा कि भर्राही थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी रामदत्त मेहता ने सदर थाना में आवेदन दिया। पीड़ित ने बताया कि उनके पुत्र मनोहर कुमार और दामाद करण कुमार घर से मेडिकल कॉलेज दवा एवं रिपोर्ट लाने गया था।
लौटने के क्रम में कॉलेज चौक के समीप दोनों का अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ता के द्वारा अपहृत के ही मोबाइल से फिरौती की मांग की जा रही है। सदर थाना में प्रथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने उनके नेतृत्व में टीम का गठन किया।
टीम में सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार,अवर निरीक्षक रितेश कुमार एवं सशस्त्र बल को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर अनुसंधान आरंभ कर कॉलेज चौक स्थित सिटी कार्ट माल के समीप घेराबंदी कर फिरौती की रकम लेने के लिए अपहरणकर्ता को बुलाया।
अपहृत करण कुमार को साथ लेकर फिरौती लेने पहुंचे अपहरणकर्ता मधेपुरा नगर परिषद के भिरखी वार्ड संख्या 21 निवासी ज्योतिष कुमार को पुलिस टीम ने दबोच लिया और करण कुमार को बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित ज्योतिष कुमार की निशानदेही पर दूसरे अपहृत मनोहर कुमार को पुलिस टीम ने किरण पब्लिक स्कूल के समीप स्थित एक चाय की दुकान से बरामद करते हुए दूसरे अपहरणकर्ता सदर थाना के तुनियाही वार्ड संख्या पांच निवासी सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी सोनू कुमार पूर्व में भी शराब और लूट कांड में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पूर्व से तीन मामला दर्ज है। दो मामला मधेपुरा जिले में और एक किशनगंज जिले में दर्ज है।
सोनू और मनोहर ने मिलकर डेढ़ साल पूर्व की थी लूट:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपहृत मनोहर कुमार और गिरफ्तार अपहरणकर्ता सोनू कुमार दोनों अपराधी किस्म का है। डेढ़ साल पूर्व नवंबर 2024 में सदर थाना क्षेत्र के तुनियाही में दोनों ने मिलकर लूटकांड को अंजाम दिया था।
इस बीच सोनू कुमार किशगनंज जिले में दर्ज एक कांड में गिरफ्तार हो गया था। सोनू को शक था कि मनोहर की मुखबिरी पर ही उसे गिरफ्तार किया गया था।
