विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘गोली चल जाएगी...’ पिस्तौल चमकाते दोस्त को टोका, अगले ही पल चला दी गोली! मधेपुरा में 20 हजार के विवाद में युवक घायल

Published: Tue, 29 Sep 2026 09:33 PM (IST)

Madhepura Crime News Bharrahi Dhurgaon Friend Shoots Friend: मधेपुरा के धुरगांव में 20 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए ...और पढ़ें

मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा में घायल युवक राहुल कुमार का चल रहा है इलाज।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा में घायल युवक राहुल कुमार का चल रहा है इलाज।

HighLights

  1. मधेपुरा में 20 हजार के लेन-देन पर दोस्त ने गोली मारी।

  2. राहुल कुमार की गर्दन में गोली लगी, हालत गंभीर।

  3. आरोपी अखिलेश कुमार फरार, पुलिस छापेमारी कर रही है।

जागरण संवाददाता, मधेपुरा। Madhepura Bharrahi Dhurgaon Friend Shoots Friend: जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत धुरगांव में मंगलवार को महज 20 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक दोस्त ने ही अपने साथी को गोली मार दी। गोली युवक के गर्दन के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में जख्मी युवक को इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मधेपुरा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जख्मी की पहचान भतनी थाना क्षेत्र के बड़कुरवा (वार्ड संख्या 12) निवासी सचित यादव के 21 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है।

पिस्तौल चमकाने से किया था मना, बहस के बीच चला दी गोली

अस्पताल में भर्ती जख्मी राहुल कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर वह अपने दोस्त अखिलेश कुमार (19 वर्ष, पिता- बालेश्वर शर्मा, निवासी बड़कुरवा वार्ड 14) के साथ भर्राही के धुरगांव स्थित उसके मामा मिथिलेश शर्मा के घर गया था। दोनों का प्लान था कि रात में रुककर मंगलवार सुबह रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेश के लिए निकलेंगे।

  • मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र स्थित धुरगांव में ₹20 हजार के लेनदेन के विवाद में दोस्त ने मारी गोली

  • भतनी थाना क्षेत्र के बड़कुरवा निवासी 21 वर्षीय राहुल कुमार की गर्दन में लगी गोली, मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती

  • आरोपी दोस्त अखिलेश कुमार वारदात के बाद बाइक से फरार; आरोपी के मामा मिथिलेश ने जख्मी को पहुंचाया अस्पताल

  • सदर एसडीपीओ अजय कुमार बोले—आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी

मंगलवार की सुबह अखिलेश अपने हाथ में पिस्तौल लेकर राहुल के सामने चमकाने लगा। राहुल ने जब उसे मना करते हुए कहा कि पिस्तौल से गोली चल जाएगी, तो इसी बात पर 20 हजार के बकाया लेनदेन को लेकर बहस छिड़ गई।

इसी दौरान अखिलेश ने सीधे उस पर फायर कर दिया। गोली गर्दन के बाएं हिस्से में लगते ही राहुल खून से लथपथ होकर गिर पड़ा, जिसके बाद अखिलेश बाइक से भाग निकला। तड़पते देख आरोपी के मामा मिथिलेश शर्मा ने ही उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

सदर एसडीपीओ बोले— जल्द सलाखों के पीछे होगा आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मामले की तफ्तीश में जुट गई है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में 20 हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में ही दोस्त द्वारा गोली मारे जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अखिलेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- 'तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा' मधेपुरा में देवर ने भाभी को चाकू से गोदा, दोनों में था प्‍यार