विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधेपुरा में शौच को गईं दो सगी बहनों और भांजी से तीन युवकों ने किया दुष्कर्म; बेहोशी की हालत में मिलीं तीनों बच्चियां

Published: Sun, 06 Sep 2026 03:06 PM (IST)

Madhepura Gangrape : मधेपुरा के बिहारीगंज में शौच के लिए निकलीं एक ही परिवार की तीन नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म ...और पढ़ें

Madhepura Gangrape :  मधेपुरा में इंसानियत शर्मसार! शौच के लिए निकलीं दो सगी बहनों और भांजी से दरिंदगी, नहर किनारे बेहोश मिलीं तीनों बच्चियां; FSL टीम जांच में जुटी

Madhepura Gangrape :  मधेपुरा में इंसानियत शर्मसार! शौच के लिए निकलीं दो सगी बहनों और भांजी से दरिंदगी, नहर किनारे बेहोश मिलीं तीनों बच्चियां; FSL टीम जांच में जुटी

HighLights

  1. मधेपुरा के बिहारीगंज में तीन नाबालिग बच्चियों से सामूहिक दुष्कर्म।

  2. दो सगी बहनें और एक भांजी, बेहोशी की हालत में मिलीं।

  3. तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ POCSO एक्ट में FIR।

जागरण संवाददाता, मधेपुरा। Madhepura Gangrape : जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र से इंसानियत को तार-तार कर देने वाली रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है। शौच के लिए घर से बाहर निकलीं एक ही परिवार की तीन नाबालिग बच्चियों के साथ दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िताओं में दो सगी बहनें और उनकी एक भांजी शामिल हैं। वारदात को गत तीन सितंबर की देर शाम अंजाम दिया गया था। लोकलाज और आरोपितों के खौफ से सहमे परिजनों ने रविवार को बिहारीगंज थाने में लिखित आवेदन देकर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़ित पिता की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, तीनों बच्चियों की उम्र 12 से 14 वर्ष के बीच है। तीन सितंबर की देर शाम तीनों घर से शौच के लिए निकली थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो तीनों बच्चियां सरौनी स्थित नहर के किनारे अचेत और बेसुध अवस्था में पाई गईं।

  • बिहारीगंज थाना क्षेत्र में शौच के लिए गईं 12 से 14 वर्ष की तीन नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली वारदात

  • पीड़िताओं में दो सगी बहनें और एक उनकी सगी भांजी शामिल; नहर किनारे बेसुध और डरी-सहमी हालत में मिली थीं तीनों

  • पीड़ित पिता के आवेदन पर सरौनी के तीन युवकों—बीजो कुमार, प्रिंस कुमार और राजवीर कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज

  • सदर अस्पताल में कराया गया मेडिकल परीक्षण, जांच के लिए सहरसा से बुलाई गई एफएसएल (FSL) टीम; एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी तेज

होश में आने के बाद तीनों बच्चियां अत्यधिक डरी-सहमी और सदमे में थीं। परिजनों द्वारा काफी समझाने-बुझाने और ढांढस बंधाने के बाद बच्चियों ने आपबीती सुनाई। बच्चियों ने बताया कि सरौनी गांव निवासी दिनेश मंडल के पुत्र बीजो कुमार (21), अरविंद मंडल के पुत्र प्रिंस कुमार (23) और दुखन मंडल के पुत्र राजवीर कुमार (24) ने सुनसान जगह पर उन्हें घेर लिया। इसके बाद तीनों आरोपितों ने अलग-अलग बच्चियों के साथ जबरन दुष्कर्म किया और उन्हें गंभीर व बेहोशी की हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए।

सदर अस्पताल में मेडिकल जांच, सहरसा से बुलाई गई फोरेंसिक 

रविवार को मामला दर्ज होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल त्वरित कार्रवाई शुरू की। तीनों पीड़ित नाबालिग बच्चियों को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) और उपचार के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेजा गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पवन कुमार सिंह और बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और गहन छानबीन की। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए सहरसा से फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की विशेष टीम को मौके पर तलब किया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल और नहर किनारे से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

दो विशेष टीमें गठित, जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपित

एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता के फर्दबयान पर पोक्सो (POCSO) एक्ट और दुष्कर्म की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि नामजद तीनों आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए दो अलग-अलग विशेष छापेमारी टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपितों के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घरों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि सभी आरोपितों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के जरिए कड़ी सजा दिलाई जाएगी।