अगर चाहिेए 10 लाख रुपये का इनाम, तो रेलवे के लिए करें ये काम, जानिए
अगर आप दस लाख रुपये का इनाम चाहते हैं तो रेलवे के लिए ये काम कीजिए और इनाम ले सकेंगे। आपको बस इतना करना है कि आप आलेख लिखकर रेलवे को दें।
मधेपुरा [राकेश रंजन]। अगर आप 10 लाख रुपये की चाहत रखेत हैं तो यह खबर खास आपके लिए है। भारतीय रेल ने अपनी आमदनी को बढ़ाने के लिए आम लोगों से सुझाव मांगे हैं। जनभागीदारी योजना के तहत इसमें आमलोगों को शामिल किया गया है। सुझाव देने को इच्छुक प्रतिभागियों को 19 मई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
इसमें शामिल होनेवाले प्रतिभागी रेलवे को अधिकतम एक हजार शब्दों में आलेख सौपेंगे। रेलवे की एक्सपर्ट टीम द्वारा इन आलेखों में से चार बेहतर आलेखों का चयन किया जाएगा। इसमें सर्वश्रेष्ठ सुझाव पर 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।
दूसरे स्थान पर रहने वाले आलेख के लिए पांच लाख, तीसरे स्थान के आलेख के लिए तीन लाख और चौथे स्थान के आलेख के लिए एक लाख रुपये दिए जाएंगे। दरअसल भारतीय रेलवे अपनी आमदनी बढ़ाकर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना चाहता है। इसी को लेकर रेलवे ने यह प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता में कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। प्रतियोगिता का नाम 'बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए रेलवे के लिए धन कैसे बढ़ाएं रखा गया है।
इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों की उम्र मार्च 2018 तक 18 साल से अधिक होनी चाहिए। आलेख हिंदी या अंग्रेजी में होगा। इस प्रतियोगिता में कोई व्यक्तिगत रूप से या समूह के माध्यम से भी भाग ले सकता है। समूह में शामिल लोगों की संख्या छह से अधिक नही हो सकती है।
ये सब है सुझाव के बिंदु
- संगठन स्तर के लिए स्केलेबिलिटी
- वित्तीय और व्यावसायिक व्यवहार्यता
- पारदर्शिता
- ग्राहक हितैषी
- स्थिरता
- आगे सुधार के लिए स्कोप
- राष्ट्रीय आर्थिक आवश्यकताओं के साथ संगतता
यहां कराए रजिस्ट्रेशन
इनोवेट.मायगोव.इन पर जाकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। प्रतिभागी चाहें तो लिखे गए आलेख एवं सुझाव की पीडीएफ कॉपी भी अटैच कर सकते हैं।
कहा-मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी ने
भारतीय रेलवे ने जनभागीदारी योजना के तहत बेहतर सुविधा प्रदान करते हुए आय बढ़ाने के उपाय पर आम लोगों से सुझाव मांगे हैं। कोई भी व्यक्ति इस प्रतियोगिता में शामिल हो सकता है। चार चयनित आलेख लिखने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।
- राजेश कुमार, मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी, पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर