उदाकिशुनगंज का कोसी कॉलोनी बनेगा मॉडल बूथ
मधेपुरा। उदाकिशुनगंज प्रखंड मुख्यालय के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोसी कॉलोनी में मॉडल बूथ बनाया
मधेपुरा। उदाकिशुनगंज प्रखंड मुख्यालय के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोसी कॉलोनी में मॉडल बूथ बनाया जाएगा। वहीं प्रखंड कार्यालय परिसर के विकास भवन केंद्र में सभी महिला चुनाव कर्मी रहेंगी। बीडीओ मुर्सिद अंसारी ने बताया कि मॉडल केंद्र को लेकर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मॉडल केंद्र बनाने को लेकर रिपोर्ट समर्पित कर दी गई है। अनुमंडल मुख्यायलय में मॉडल केंद्र आकर्षण का केंद्र बनेगा। मॉडल केंद्र पर मतदाताओं को हर तरह की सुविधा मिलेगी। यहां पर बड़ा पंडाल लगाया जाएगा। बैठने की सुविधा होगी। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था रहेगी। मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इस बात का पूरा ख्याल रखा जाएगा। मॉडल केंद्र को आकर्षक ढंग से संजाया जाएगा। इस बार चुनाव के निर्देश पर एक केंद्र ऐसा होगा। जहां सिर्फ महिला कर्मी होंगे। बीडीओ ने बताया कि प्रखंड परिसर के विकास भवन मतदान केंद्र में पीठासीन, पी वन से पी थ्री तक के चुनाव कर्मी सिर्फ महिलाएं होगी। यह पहली बार हो रहा है। चुनाव मतदाताओं को वोट के प्रति जागरूक होने को लेकर कई तरह की व्यवस्थाएं कर रही है। चुनाव आयोग के निर्देश के पालन में अधिकारी कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। मतदान के प्रति जागरूकता लाने के लिए अधिकारी क्षेत्र में जागरूकता अभियान चला रहे है। मतदाताओं में भय दूर भगाने के लिए लगातार फ्लैग मार्च और पुलिस गश्त किया जा रहा है। मॉडल केंद्र के मतदाताओं में इस बार खासा उत्साह देखा जा रहा है। पहली बार मॉडल केंद्र बनाने की जानकारी से लोग खुश है। लोग इस बात के इंतजार में है कि आखिर मॉडल केंद्र कैसा होगा। बहरहाल चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी चरम पर है। इस लोस क्षेत्र में तीसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा।