बीएनएमयू पीएचडी 2026: 130 सीटों पर आवेदन शुरू, नेट पास उम्मीदवारों को सीधा मौका
भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय ने 2026 पीएचडी प्रोग्राम के लिए 19 विषयों में 130 सीटों पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बीएनएमयू पीएचडी 2026: 130 सीटों पर आवेदन शुरू, नेट पास उम्मीदवारों को सीधा मौका (AI Generated Image)
HighLights
बीएनएमयू में 19 विषयों के लिए 130 पीएचडी सीटें।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर निर्धारित।
नेट/जेआरएफ योग्य उम्मीदवारों का सीधा इंटरव्यू से चयन।
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय ने वर्ष 2026 के पीएचडी प्रोग्राम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार पीएचडी प्रोग्राम में प्रवेश के लिए यूजीसी जेआरएफ, नेट या नेट (पीएचडी) योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया गया है।
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल bnmuadmission.samarth.edu.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बीएनएमयू में पीएचडी करने के इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों के लिए 130 सीटों पर आवेदन का अवसर है। अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
19 विषयों के लिए 130 सीट रिक्त:
कुलपति प्रो. डा विमलेंदु शेखर झा के निर्देश पर अध्यक्ष छात्र कल्याण प्रो. उमा शंकर चौधरी ने आवेदन को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। विश्वविद्यालय में नए नियमों के तहत पहली बार पीएचडी प्रोग्राम में दाखिला लिया जा रहा है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी विषयवार रिक्त सीटों की सूची में 19 विषयों में 130 पीएचडी सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें सामान्य, महिला, ईबीसी, बीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी एवं एसटी समेत विभिन्न श्रेणियों के लिए सीटों का विवरण दिया गया है।
अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले अपने विषय एवं संबंधित आरक्षण श्रेणी में उपलब्ध सीटों की जानकारी जरूर देख लें।
अंग्रेजी में है सबसे अधिक सीट:
पीएचडी प्रोग्राम 2026 में सबसे अधिक 22 सीटें अंग्रेजी विषय में हैं। इसके बाद समाजशास्त्र विषय में 19, हिंदी विषय में 18 एवं अर्थशास्त्र विषय में 16 सीटें उपलब्ध है।
रसायन विज्ञान विषय में 10, मैथिली विषय में 8 एवं गणित विषय में 6 सीटें हैं। भूगोल विषय में चार एवं उर्दू विषय में चार सीटें हैं। गृह विज्ञान, दर्शनशास्त्र एवं अन्य विषयों में भी सीटें निर्धारित की गई हैं।
मनोविज्ञान विषय में मात्र एक सीट:
विषयवार सीटों की बात करें तो मानवशास्त्र विषय में दो, अर्थशास्त्र विषय में 16, मनोविज्ञान विषय में एक, समाजशास्त्र विषय में 19, भूगोल विषय में चार, गृह विज्ञान विषय में तीन, पीएमआईआर विषय में दो, गणित विषय में छह, वनस्पति विज्ञान विषय में दो, भौतिकी विषय में दो, रसायन विज्ञान विषय में 10, हिंदी विषय में 18, अंग्रेजी विषय में 22, मैथिली विषय में आठ, संस्कृत विषय में दो, उर्दू विषय में चार, संगीत विषय में चार, दर्शनशास्त्र विषय में तीन एवं वाणिज्य विषय में दो सीटे है।
20 सितंबर तक होगा आवेदन, 21 को करेंगे सुधार:
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
विश्वविद्यालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत आठ सितंबर से ही हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर निर्धारित की गई है। यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो अभ्यर्थियों को 21 सितंबर को सुधार का अवसर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले पात्रता एवं विषयवार सीटों की जानकारी ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी है। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय स्तर पर नहीं होगा एडमिशन टेस्ट:
नए नियमों के तहत इस बार पीएचडी दाखिले के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर पीएचडी एडमिशन टेस्ट (पैट) नहीं होगा। नेट उत्तीर्ण उम्मीदवारों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी व उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों के दाखिले के बाद पीएचडी कोर्स की कक्षाएं शुरू होगी।
पैट परीक्षा नहीं होने के कारण इस बार पीएचडी के लिए आवेदन करने वालों की संख्या कम रहने की संभावना है। खासकर कई विषयों में नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की संख्या सीमित होने के कारण सीटों के मुकाबले आवेदन कम आने की उम्मीद है।
डीएसडब्ल्यू प्रो. उमाशंकर चौधरी ने बताया कि आवेदन एवं दाखिले से जुड़ी पूरी जानकारी समर्थ पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है।
