Bihar Municipal Election 2022: मधेपुरा में मुर्दे भी देंगे वोट, मतदाता सूची में शामिल हैं कई नाम
Bihar Municipal Election बिहार में नगर निकाय चुनाव के विभिन्न पदों के लिए मतदान होने जा रहा है। मधेपुरा में इसके लिए बनाए गए वोटर लिस्ट में मुर्दे भी शामिल हैं। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद सुधार नहीं किया गया है।
मधेपुरा, जागरण संवाददाता। नगर निकाय चुनाव में फर्जी मतदान रोकने के लिए भले ही प्रशासन एड़ी-चोटी का जोर लगा रहा है, लेकिन प्रखंड स्तर के अधिकारी (BLO) व्यवस्था बिगाड़ने में लगे हैं। नगर परिषद मधेपुरा के वार्ड संख्या 24 में तो फर्जीवाड़े की सीमाएं ही तोड़ दी गई हैं। प्रशासन द्वारा प्रकाशित मतदाता सूची में एक दर्जन से अधिक वैसे मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जिनकी मृत्यु कई साल पूर्व हो चुकी है।
मृतकों के नाम पर होता फर्जी मतदान
वार्डवासियों का कहना है कि इन मृतकों के नाम पर फर्जी तरीके से मतदान कराया जाता है। लिहाजा मृत्यु को कई साल गुजर जाने के बाद भी इन लोगों के नाम मतदाता सूची में मौजूद हैं। इस तरह त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची के प्रकाशन ने बीएलओ समेत प्रशासन के कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीएलओ पर लापरवाही का आरोप
वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड 24 में नीलू कुमारी व नाज परवीन बीएलओ के रूप में काम कर रही हैं। उनकी जवाबदेही है कि वे घर-घर जाकर सर्वे करें, ताकि यह पता चल सके कि मतदाता सूची में दर्ज नाम सही हैं या गलत। लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। यही कारण है कि मतदाता सूची में मृतक समेत वैसे मतदाताओं के नाम भी शामिल है जो रहते तो गांव में हैं, लेकिन नाम वार्ड की मतदाता सूची में शामिल है।
शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं
इसकी शिकायत बीडीओ से करने के बावजूद सुधार की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई और त्रुटिपूर्ण मतदाता सूची प्रकाशित कर दिया गया। इस बाबत सदर एसडीओ व नगर परिषद निर्वाची पदाधिकारी कोट मृतकों के स्वजनों ने नाम हटाने के लिए आपति पत्र नहीं दिया। इसलिए कई मृतक के नाम भी मतदाता सूची में शामिल हो गया। अगर स्वजनों द्वारा मृत्यु प्रमाण-पत्र के साथ आवेदन दिया जाएगा तो मृतकों का नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। नीरज कुमार, सदर एसडीओ सह नगर परिषद निर्वाची पदाधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि मृतकों के स्वजनों ने नाम हटाने के लिए आपति पत्र नहीं दिए। इस कारण मृतकों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल हो गए। अगर स्वजन मृत्यु प्रमाण-पत्र के साथ आवेदन दें तो मृतकों का नाम मतदाता सूची से हटाए जा सकते हैं।
मतदाता सूची में इन मृतकों के नाम
वार्डवासी अरूण कुमार यादव, विजय कुमार, सत्येंद्र कुमार, तारणी चौधरी, राजेश सिंह तथा सुमित श्रीवास्तव आदि ने बताया कि मतदाता सूची में कई मृतकों के नाम शामिल हैं।
क्रमांक : मृतक का नाम
- 117 : बेचनी खातून
- 167 : मु. अजीज
- 259 : गर्भू यादव
- 606 : मु. सतार
- 707 : अशिया खातून
- 848 : वीणा देवी राम
- 900 : मैनी देवी